उपराष्ट्रपति चुनाव की तारीख तय, 9 सितंबर को होगा मतदान, जानें पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को आयोजित किया जाएगा, चुनाव आयोग ने इसकी पूरी समय-सारिणी जारी कर दी है। यह पद जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद खाली हो गया था। अब चुनाव आयोग की घोषणा के अनुसार, 21 अगस्त तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 9 सितंबर को मतदान होगा और उसी दिन शाम को नतीजों की घोषणा की जाएगी।

7 अगस्त से शुरू होगा चुनावी प्रक्रिया का औपचारिक ऐलान

चुनाव आयोग के मुताबिक, 7 अगस्त को अधिसूचना जारी होगी जिससे चुनावी प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत मानी जाएगी। इसके बाद 21 अगस्त तक इच्छुक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 22 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और 25 अगस्त तक नाम वापस लेने की अंतिम तारीख रखी गई है।

9 सितंबर को वोटिंग, उसी दिन आएगा रिजल्ट

यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में उतरते हैं तो 9 सितंबर को मतदान कराना अनिवार्य होगा। इस दिन सुबह 10 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक वोटिंग होगी और उसी दिन शाम तक वोटों की गिनती के बाद परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।

धनखड़ के इस्तीफे से शुरू हुई हलचल

21 जुलाई की शाम को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अचानक अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने इसकी जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस्तीफे का पत्र साझा करते हुए दी। इससे पहले वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को अपना इस्तीफा सौंपने राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे।

इस्तीफे के पीछे की वजहों पर जारी हैं कयास

हालांकि धनखड़ ने अपने त्यागपत्र में स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया, लेकिन राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। विपक्ष का कहना है कि उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि “असल में क्या हुआ था।” कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा जा रहा है कि उनके सरकार के साथ संबंधों में खटास आई थी। किसानों के मुद्दे पर उनकी मुखर राय और विपक्ष के साथ हाल के दिनों में नजदीकियों ने भी अटकलों को बल दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *