UP Tex-2026 का भव्य समापन, योगी सरकार का बड़ा फोकस—UP बनेगा Textile और Defence Industry का नया Hub?

उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख वस्त्र एवं परिधान विनिर्माण केंद्र के रूप में विकसित करने की योगी सरकार की कोशिशों को UP Tex-2026 के आयोजन से नई गति मिली है। लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय कार्यक्रम का बुधवार को भव्य समापन हुआ। समापन समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे, जबकि हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान उद्योगों को लेटर ऑफ कम्फर्ट, वित्तीय प्रोत्साहन राशि के चेक और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के साथ एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। आयोजन के दूसरे दिन स्पोर्ट्स टेक्सटाइल्स, स्पोर्ट्स गुड्स, प्रोटेक्टिव एवं डिफेंस टेक्सटाइल्स, हस्तशिल्प निर्यात और टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने चर्चा की।

बाजार, सब्सिडी और सिंगल विंडो से हथकरघा क्षेत्र को बढ़ावा

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में संभावनाओं की कोई कमी नहीं है और योगी सरकार के नेतृत्व में राज्य लगातार विकास के नए क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि सरकार ने हथकरघा क्षेत्र को मजबूत करने के लिए बाजार, संसाधन, सब्सिडी और प्रोत्साहन जैसी सुविधाओं पर जोर दिया है।

उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो व्यवस्था के जरिए भी उद्योगों और उद्यमियों के लिए प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में काम किया गया है। सरकार का उद्देश्य राज्य के पारंपरिक हथकरघा क्षेत्र को आधुनिक बाजार से जोड़ने के साथ-साथ इसकी औद्योगिक क्षमता को और विस्तार देना है।

Technical और Defence Textiles में यूपी की बड़ी तैयारी

हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने कहा कि राज्य तकनीकी वस्त्र और रक्षा वस्त्र उद्योग के लिए देश का अग्रणी गंतव्य बनकर उभर रहा है। उन्होंने उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी।

मंत्री ने पूंजीगत अनुदान, रोजगार सृजन प्रोत्साहन, प्रशिक्षण सहायता और अनुसंधान एवं विकास यानी R&D सहयोग जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। इन पहलों के जरिए उत्तर प्रदेश में नए निवेश, रोजगार और आधुनिक टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

Sports Textiles और Sports Goods पर भी हुआ मंथन

UP Tex-2026 के दूसरे दिन ‘गेम प्लान यूपी : भारत के स्पोर्ट्स टेक्सटाइल एवं स्पोर्ट्स गुड्स पावरहाउस का निर्माण’ विषय पर महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान उत्तर प्रदेश में स्पोर्ट्स टेक्सटाइल और स्पोर्ट्स गुड्स उद्योग की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

वस्त्र मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भास्कर कालरा ने तकनीकी वस्त्रों को तेजी से विकसित होने वाला और उच्च मूल्य-वर्धित क्षेत्र बताया। विशेषज्ञों ने कहा कि उत्तर प्रदेश को स्पोर्ट्स, प्रोटेक्टिव और डिफेंस टेक्सटाइल्स के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए समर्पित क्लस्टर, आधुनिक टेस्टिंग लैब, R&D सेंटर और मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार करने की जरूरत है।

UP Tex-2026 के समापन के साथ राज्य में टेक्सटाइल सेक्टर को नई दिशा देने और निवेश के अवसर बढ़ाने पर सरकार के फोकस को भी मजबूती मिली है। स्पोर्ट्स से लेकर डिफेंस और तकनीकी वस्त्रों तक नए क्षेत्रों पर जोर उत्तर प्रदेश को देश के बड़े Textile Manufacturing Hub के रूप में स्थापित करने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *