यूपी पंचायत चुनाव: कांग्रेस लड़ेगी अकेले, BJP बोली- कमल ही खिलेगा, केशव मौर्य ने अखिलेश पर कसा तंज

उत्तर प्रदेश में आगामी पंचायत चुनावों को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस द्वारा अकेले चुनाव लड़ने के ऐलान पर प्रदेश सरकार में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने करारा तंज कसा है। उन्होंने साफ कहा कि कांग्रेस अकेले लड़े या किसी के साथ मिलकर, यह उनकी समस्या है, प्रदेश में खिलेगा कमल ही। केशव प्रसाद मौर्य आज प्रयागराज में पार्टी के SIR (विशेष मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान) की शुरुआत करने पहुंचे थे।

अखिलेश यादव के मानसिक स्वास्थ्य पर तंज

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि, “अखिलेश यादव जी बिहार चुनाव से लौटे हैं, तब से अस्वस्थ हैं। उनका मानसिक संतुलन भी बिगड़ गया लगता है।”

मौर्य ने आगे हमला करते हुए कहा कि अखिलेश यादव खुद को 2027 में सत्ता के करीब देख रहे थे, लेकिन अब 2047 तक भी सत्ता में वापसी की कोई संभावना नहीं बची है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कुंठा में वह अनर्गल प्रलाप कर रहे हैं। अखिलेश यादव ने हाल ही में कहा था कि अगर वोट का अधिकार ही नहीं है, तो आरक्षण भी खत्म कर देना चाहिए। इस पर मौर्य ने चुटकी लेते हुए कहा कि, “ना कोई आरक्षण खत्म कर पाएगा, ना कोई संविधान बदल पाएगा। ये सिर्फ़ भ्रम और अफवाह फैलाने की कोशिश है।”

SIR अभियान पर विपक्ष के विरोध को किया खारिज

प्रयागराज में SIR (विशेष मतदाता सूची शुद्धिकरण अभियान) की शुरुआत करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बीजेपी देश-प्रदेश की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने बताया, “हमने सीएम योगी और दोनों डिप्टी सीएम को 25-25 जिलों की जिम्मेदारी दी है। उसी कड़ी में आज प्रयागराज से शुरुआत कर रहा हूं। लक्ष्य है कि एक भी पात्र मतदाता छूटे नहीं।”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा SIR को तुरंत बंद करने की मांग और विपक्ष के विरोध पर केशव मौर्य ने सख्त जवाब दिया। उन्होंने सभी BLOs (बूथ लेवल ऑफिसर) से अपील करते हुए कहा, “मैं सभी BLO भाई-बहनों से कहूंगा, न ममता बनर्जी के चक्कर में पड़ें, न राहुल गांधी के, न अखिलेश यादव के। SIR का विरोध करने वालों की बातों में न आएं। अपना कर्तव्य ईमानदारी से निभाएं।” उन्होंने आगे कहा कि, “आत्महत्या किसी समस्या का समाधान नहीं है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *