मौलाना मदनी के जिहादी बयान पर गरमाई सियासत, डिप्टी सीएम केशव मौर्य बोले- देश में कानून का राज, कोई धमकी न दे

जमीयत-उलेमा-हिंद के प्रमुख मौलाना मदनी द्वारा ‘जिहाद’ पर दिए गए बयान को लेकर देश की सियासत गर्म है। समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी द्वारा मदनी के बयान का समर्थन किए जाने के बाद, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गुरुवार को इस पर तीखा निशाना साधा।

आईएएनएस से बात करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “मदनी, सपा सांसद और समाजवादी पार्टी की सोच एक जैसी है। भारत में अब कोई जिहाद की धमकी न दे।” उन्होंने स्पष्ट किया कि देश में अब तुष्टिकरण की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा, “देश में तुष्टिकरण करने वाली कांग्रेस और कांग्रेस की अगुवाई वाली सरकार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अंदर लगातार सबका साथ, सबका विकास और सबको सम्मान देते हुए कानून का राज चल रहा है।”

घुसपैठियों के लिए देश में कोई धर्मशाला नहीं

मौर्य ने उन लोगों को भी कड़ी चेतावनी दी जो इस तरह की धमकी देते हैं। उन्होंने कहा, “जो लोग जिहाद की धमकी देने का काम कर रहे हैं, उन्हें समझ लेना चाहिए कि जिहाद की धमकी का जवाब देश की जनता देना जानती है। जब चुनाव होंगे तो समाजवादी पार्टी और मदनी जैसे बयान के समर्थन में खड़ी होने वाली पार्टियों को जनता जवाब देगी।”

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने घुसपैठियों के मुद्दे पर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा, “उत्तर प्रदेश देश का कोई राज्य या भारत हो, घुसपैठियों के लिए कोई धर्मशाला नहीं है। घुसपैठियों का पता लगाया जाना चाहिए और वे देश से आए हैं, उन्हें वहां पर वापस भेजना चाहिए। केंद्रीय गृहमंत्री ने स्पष्ट कहा है कि घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।”

सपा की राजनीति अंधकारमय, मुंगेरीलाल के सपने देख रहे अखिलेश

मतदाता सूची में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर हो रहे विवाद पर केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर हमला किया। उन्होंने कहा कि, “सपा की राजनीति अंधकारमय हो गई है। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे थे कि 2027 में सत्ता में आ जाएंगे, लेकिन अब वह 2047 तक सत्ता के आस-पास भी नहीं आएंगे।”

उन्होंने SIR अभियान का समर्थन करते हुए कहा कि, “एसआईआर मतदाताओं के शुद्धिकरण के लिए है, हम इसका स्वागत करते हैं। जो विरोध कर रहे हैं, उन्हें मुंह की खानी पड़ेगी, क्योंकि जनता एसआईआर के विरोध के समर्थन में नहीं है।”

पीएम मोदी पर कांग्रेस की ‘गाली’ का जवाब जनता कमल खिलाकर देगी

कांग्रेस नेता द्वारा पीएम मोदी के एआई-जनरेटेड वीडियो बनाने पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “कांग्रेस की गाली का जवाब देश की जनता देती है। पीएम मोदी हमेशा कहते हैं कि गाली का जवाब गाली से नहीं देंगे। उनकी गाली का जवाब देश की जनता कमल खिलाकर देगी। जहां बीजेपी है, वहां पर वे और मजबूत होंगे और जहां पर नहीं है, वहां पर हमारी सरकार बनेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *