बलरामपुर/लखनऊ – उत्तर प्रदेश में अवैध धर्मांतरण के मामले में फंसे जलालुद्दीन उर्फ छांगुर बाबा को लेकर एक के बाद एक बड़े खुलासे हो रहे हैं। जांच एजेंसियों ने अब खुलासा किया है कि छांगुर बाबा ने ‘शिजर ए तैयबा’ नामक एक किताब छपवाकर युवाओं को लव जिहाद के लिए उकसाने का प्रयास किया था। यह किताब मुस्लिम और हिंदू युवाओं को गुमराह करने का जरिया बनी हुई थी।
सूत्रों के अनुसार, एटीएस इस किताब में लिखी बातों की गहनता से जांच कर रही है और किताब में प्रयुक्त शब्दों और विचारों के जरिए भड़काऊ गतिविधियों को परखा जा रहा है। माना जा रहा है कि आज एटीएस की ओर से छांगुर बाबा से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं। खबर है कि देर रात एटीएस टीम छांगुर बाबा को लेकर बलरामपुर पहुंची है, जहां धर्मांतरण से जुड़ी और भी जानकारी उजागर हो सकती है।
ईडी का शिकंजा, सहयोगियों के बैंक खाते जांच के घेरे में
इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अवैध धर्मांतरण और संदिग्ध फंडिंग के मामले में छांगुर बाबा के सहयोगियों पर कार्रवाई तेज कर दी है। ईडी को छांगुर के नजदीकी नवीन रोहरा के सात बैंक खातों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है, जबकि अन्य करीब डेढ़ दर्जन खातों की तलाश जारी है।
इसके अलावा ईडी ने बलरामपुर सहित कई अन्य जिलों में छांगुर बाबा और उनके साथियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों का ब्योरा संबंधित उप निबंधक कार्यालयों से मांगा है।
पूर्वांचल के जिलों में चार करीबी कराते थे धर्मांतरण
एटीएस की ताजा जांच में यह भी सामने आया है कि छांगुर बाबा के चार करीबी सहयोगी – मोहम्मद सबरोज, रशीद, शहाबुद्दीन (सभी बलरामपुर निवासी) और रमजान (गोंडा निवासी) – पूर्वांचल के विभिन्न जिलों में अवैध धर्मांतरण में सक्रिय थे।
इनके खिलाफ पहले से ही आजमगढ़ के देवगांव थाने में 25 मई 2023 को मामला दर्ज है, जिसमें कुल 18 लोगों को नामजद किया गया था।
नवीन एफआईआर में भी इन चारों को मुख्य आरोपी बनाया गया है। इसके अतिरिक्त आजमगढ़, मऊ, गोंडा और जौनपुर के कई अन्य व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनमें अवधेश सरोज उर्फ वकील, ऊषा देवी, पन्ना लाल गुप्ता, सिकंदर, हसीना, कुंदन बेनवंशी, आकाश सरोज, मोहम्मद जावेद, परवेज आलम, इरफान अहमद, साबिर अली, जावेद अहमद और फैयाज का नाम शामिल है।
जांच एजेंसियों की सक्रियता और खुलासों से यह मामला लगातार गंभीर रूप लेता जा रहा है। आने वाले दिनों में और भी बड़े नाम सामने आ सकते हैं।