यूपी चुनाव 2027 को लेकर क्या होगा प्लान? BJP के नए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी बोले 2027 में 2017 से भी बेहतर परिणाम लाएंगे

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नव-नियुक्त उत्तर प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी (केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री और महाराजगंज सांसद) आज सोमवार को दिल्ली पहुंचे और उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर अपनी प्राथमिक रणनीति बताई। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी फुल एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं और अभी से आगे की रूपरेखा बनाने में जुट गए हैं।

खुद को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें जब-जब जिम्मेदारी सौंपी है, उसको उन्होंने पूरी निष्ठा से निभाया है।

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर प्लान और रणनीति

पंकज चौधरी ने स्पष्ट किया कि बीजेपी के सामने 2027 विधानसभा चुनाव में कोई चुनौती नहीं है और उनकी रणनीति का आधार विकास और कानून-व्यवस्था होगी:

  • सर्वसमाज का फोकस: उन्होंने कहा कि बीजेपी कोई जातीय पार्टी नहीं है, बल्कि सभी समाज के लिए काम करती है। बीजेपी में सभी जाति के लोग प्रदेश अध्यक्ष बने हैं।
  • लक्ष्य 2027: उन्होंने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा, “2027 में यूपी में हम लोग बेहतर रिजल्ट देंगे। हम 2017 के विधानसभा चुनाव से भी बेहतर परिणाम प्राप्त करने की कोशिश करेंगे।”
  • चुनावी मुद्दे: उन्होंने कहा कि बीजेपी के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकास कार्य और सीएम योगी आदित्यनाथ का लॉ एंड ऑर्डर (कानून-व्यवस्था) है, जिसे वे आगामी चुनाव में लोगों को बताएंगे।
  • विपक्ष पर हमला: विपक्ष को घेरते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है, वे केवल SIR (मतदाता पुनरीक्षण) और EVM की बातें करते हैं।

संगठनात्मक प्राथमिकताएं

पंकज चौधरी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता संगठन को मजबूत करना होगी।

“मुझे कल (रविवार) ही नियुक्त किया गया है। मैं राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बैठक करूंगा और राज्य की सभी टीमों से भी मिलूंगा। सभी लोगों से चर्चा करने के बाद हमारा लक्ष्य ये तय करना है कि कैसे हम आगामी विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करें और अपने संगठन को और मज़बूत कर सके। यही मेरा प्राथमिक काम होगा।”

उन्होंने जोर देकर कहा कि बीजेपी कभी भी चुनावों को ध्यान में रखकर कोई कदम नहीं उठाती है। उनकी पार्टी और कार्यकर्ता हर चुनाव के खत्म होने के बाद आगे की तैयारी शुरू कर देते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *