
सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस ने वहां काम कर रहे भारतीयों की जमकर तारीफ की है। क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान जी 20 सम्मेलन में हिस्सा लेने भारत आए थे। इसके बाद उन्होंने यहां पर पीएम मोदी के साथ द्विपक्षीय बातचीत में हिस्सा लिया था।
इस बातचीत में प्रिंस ने सऊदी में रहने वाले भारतीयों के बारे में कहा कि हम उन्हें अपने देश के नागरिकों की तरह ही देखते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भारतीयों ने हमारे देश को आगे बढ़ाने में काफी बड़ा रोल निभाया है। इसलिए हम अपने यहां रहने वाले भारतीयों का ठीक उसी तरह से खयाल रखते हैं, जिस तरह से अपने देश के लोगों का।
संबंध मजबूत बनाने पर जोर
गौरतलब है कि सऊदी प्रिंस ने सोमवार को भारत-सऊदी अरब सहयोग परिषद की बैठक में हिस्सा लिया। वह भारत जी-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने आए थे। इसके बाद रुके और सोमवार को द्विपक्षीय वार्ताएं कीं। यह परिषद दोनों देशों के बीच रणनीतिक संबंध मजबूत बनाने और सहयोग बढ़ाने के मकसद से बनाई गई है। इसी बैठक के दौरान सऊदी प्रिंस ने कहा कि सऊदी अरब की कुल आबादी में सात फीसदी भारतीय हैं। बता दें कि साल 2019 में जब पीएम मोदी सऊदी अरब गए थे, जब उन्होंने कहा था कि करीब 26 लाख भारतीयों के लिए यह देश दूसरा घर है। पीएम मोदी ने कहा था कि इन भारतीयों ने सऊदी में जो जगह बनाई है, उस पर भारत को गर्व है।
भारत से हजारों साल पुराना रिश्ता
इससे पहले अपने स्वागत कार्यक्रम में प्रिंस ने भारत पहुंचने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि भारत से हमारा रिश्ता हजारों साल पुराना है और यह हमारे डीएनए में है। सऊदी के क्राउन प्रिंस ने भारत को अपना दोस्त बताया और कहा कि यह देश घर जैसा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बहुत से भारतीय सऊदी अरब में काम कर रहे हैं और हमारे विकास में मददगार हैं। बता दें कि भारत और सऊदी अरब के बीच करीब 50 समझौते हुए हैं। इस बात की जानकारी सऊदी अरब के डिप्टी निवेश मंत्री बद्र अल बद्र ने भारत सऊदी अरब इन्वेस्टमेंट फोरम में दी। उन्होंने कहा कि इसमें प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर दोनों के बीच समझौते शामिल हैं।