सपा-कांग्रेस के लिए परिवार, मोदी के लिए राष्ट्र सर्वोपरी, मथुरा से सीएम योगी ने किया चुनाव प्रचार का आगाज

सीएम योगी ने बुधवार को मथुरा से लोकसभा चुनाव प्रचार का आगाज किया। यहां पर प्रबुद्ध जन सम्मेलन के जरिए मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और उन्हें तीसरी बाद देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए हेमामालिनी को फिर से सांसद बनाने की अपील की।विपक्षी दलों खासकर सपा और कांग्रेस का नाम लिए बगैर जोरदार हमला किया। सीएम योगी ने कहा कि अन्य दलों के नेताओं के लिये परिवार सर्वोपरि है जबकि मोदी के लिए राष्ट्र पहले है। मोदी का प्रयास प्रभावी शासन देकर भ्रष्टाचार मिटाना है जबकि एक दल का काम माफिया को आगे बढ़ाना और उसके हित के काम करना है। इसी दल का काम तुष्टीकरण का है जबकि मोदी ने गरीब के हित के लिए विभिन्न योजनाएं बनाकर उनका सही क्रियान्वयन सुनिश्चित किया।

उन्होंने कहा कि एक ओर परिवारवादी दल है तो दूसरी ओर मोदी का परिवार 140 करोड़ भारतवासियों का है। उन्होंने कहा कि मोदी का मतलब गरीब का साथ देकर उसको घर, राशन, चिकित्सा आदि की सुविधा को मुहैया कराना है। उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 50 लाख लोगों को बिजली का कनेक्शन देकर उनके घर में रोशनी लाने का काम किया गया।

उन्होंने कहा कि मोदी का मतलब भारत मां के सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा कर विकसित भारत का निर्माण करना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि तीसरे कार्यकाल में पीएम मोदी का सपना भारत को तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनान है। जब विकसित यूपी होगा तो विकसित मथुरा होगा और विकसित मथुरा बनाने के लिए हेमामालिनी का संसद में तीसरी बार पहुंचना जरूरी है।

योगी ने यमुना नदी में व्याप्त प्रदूषण को खत्म करने का संकल्प जताते हुए बुधवार को कहा कि कि गंगा मइया हो गई निर्मल अब यमुना की बारी है। स्थानीय सांसद एवं मथुरा लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी हेमामालिनी के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि हेमामालिनी ने संसद में यमुना को निर्मल बनाने का प्रश्न उठाया था। उसके बाद ही नमामि गंगे योजना पर काम शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि विश्व स्तर की इस कलाकार ने 84 कोस परिक्रम के विकास के लिए काम किया और समय-समय पर केन्द्र के विभिन्न मंत्रालयों में मंत्रियों से सम्पर्क कर मथुरा के विकास के लिए विभिन्न योजना लाने का प्रयास किया।

योगी ने कहा कि हेमामालिनी जब भी उनके पास आईं उन्होंने मथुरा वृन्दावन की समस्या उनके सामने रखकर उनके निराकरण करने का अनुरोध किया। हेमा ने विश्व में भारतीय संस्कृति की पहचान बनाई। समय समय पर ब्रज की पीड़ा को संसद में पेश किया। उन्होंने बड़े विश्वास के साथ कहा कि विश्वस्तर की यह कलाकार जब तीसरी बार सांसद बन जाएंगी तो मथुरा वृन्दावन की कोई समस्या नहीं रहेगी।

उन्होंने उपस्थित प्रबुद्धजन से घरों में जाकर हेमामालिनी के पक्ष में प्रचार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मोदी ने पिछले दस साल में एक नये ऐसे भारत का निर्माण किया तथा भारत की ऐसी पहचान बनाई। आज विश्व भारत को सम्मान की दृष्टि से देखता है। बिना भेद भाव के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया। हर नागरिक की संतुष्टि को मोदी ने अपना उद्देश्य बनाया और पुरानी विरासत को संरक्षित रखते हुए नए भारत का मार्ग प्रशस्त किया। नागरिक सुरक्षा, किसान की आमदनी दूनी करने के लिए जैसे कार्यों के माध्यम से मोदी गारंटी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *