संजय सिंह ने स्वाति मालीवाल से की मुलाकात, आवास पर पहुंच कर जाना हाल

आम आदमी पार्टी के नेता एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बुधवार को स्वाति मालीवाल से उनके आवास पर मुलाकात की। इससे एक दिन पहले संजय सिंह ने कहा था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी सहायक बिभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ ‘दुर्व्यवहार’ किया।यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना का संज्ञान लिया है और कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, संजय सिंह के साथ दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की सदस्य वंदना भी मौजूद थीं।

भाजपा ने मांगा केजरीवाल का इस्तीफा
संजय सिंह ने स्वाति मालीवाल से ऐसे समय मुलाकात की है जब मारपीट मामले को लेकर भाजपा आक्रामक है। भाजपा ने मांग की है कि केजरीवाल या तो अपने सहायक बिभव कुमार को इस्तीफा देने के लिए कहें या खुद मुख्यमंत्री पद छोड़ दें। वहीं स्वाति मालीवाल के पूर्व पति नवीन जयहिंद का कहना है कि देशभर में महिलाओं की आवाज उठाने वाली स्वाति को खुद सामने आकर घटना की जानकारी देनी चाहिए और आरोपियों के खिलाफ शिकायत देनी चाहिए।

संजय सिंह के बयान को आधार मानकर ऐक्शन ले पुलिस
सनद रहे एक दिन पहले संजय सिंह ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा था कि आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल इस मामले में कड़ी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने बताया था कि मुख्यमंत्री आवास पर केजरीवाल के निजी सहायक विभव कुमार ने स्वाति मालीवाल के साथ बदसलूकी की थी। वहीं भाजपा का कहना है कि संजय सिंह के बयान को ही आधार मानकर दिल्ली पुलिस को इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

साहसी बनिये और बोलिए, NCW की अपील
राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी घटना का संज्ञान लिया है। एनसीडब्ल्यू की प्रमुख रेखा शर्मा ने एक्स पर अपने एक पोस्ट में मालीवाल की सुरक्षा पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें आवाज उठानी चाहिए। मैं स्वाति मालीवाल की सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं। उन पर ऐसा कौन सा दबाव है जिसकी वजह से वह पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करा रही हैं। रेखा शर्मा ने स्वाति मालीवाल से अपील करते हुए कहा- साहसी बनिये स्वाति और बोलिए।

पुलिस बोली- बंद नहीं की है डीडी
दूसरी ओर दिल्ली पुलिस का कहना है कि उन्हें स्वाति मालीवाल की ओर से अभी तक औपचारिक शिकायत नहीं मिली है। पुलिस ने डीडी (दैनिक डायरी) प्रविष्टि बंद नहीं की है क्योंकि मालीवाल ने थाने पहुंचकर कहा था कि वह शिकायत दर्ज कराने के लिए आएंगी। भाजपा ने मांग की है कि सिंह के बयान के आधार पर पुलिस को तत्काल प्राथमिकी दर्ज करनी चाहिए और दोषियों पर तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं मालीवाल की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *