तानाशाही ताकतों का किला ढहना शुरू हुआ, संजय सिंह की जमानत पर बोली कल्पना सोरेन

जेल में बंद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन ने मंगलवार को कहा कि तानाशाही ताकतों का किला ढहना शुरू हो गया है। कल्पना सोरेन का यह बयान उच्चतम न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन के मामले में जमानत मिलने के तुरंत बाद आया।

कल्पना सोरेन ने संजय सिंह, उनकी पत्नी अनीता और परिवार के अन्य सदस्यों को बधाई देते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘ तानाशाही ताकतों के किले के ढहने की शुरुआत हो गई है। आप नेता और राज्य सभा सदस्य संजय सिंह जी ने अन्यायपूर्ण कैद के खिलाफ एक बड़ी लड़ाई जीत ली है। यह सत्य और संघर्ष की जीत है। यह ‘इंडिया’ की जीत है।”

प्रवर्तन निदेशालय ने सिंह को दिल्ली सरकार की अब रद्द हो चुकी आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में पिछले साल चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया था। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति पी बी वराले की पीठ ने छह महीने से जेल में बंद संजय सिंह को रिहा करने का आदेश दिया। ईडी ने आप नेता को जमानत देने पर कोई आपत्ति नहीं जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *