प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंदिर निर्माण में लगे श्रमिकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्रमिकों के ऊपर पुष्पवर्षा की, मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया।पीएम मोदी ने कहा कि अभी तक आप लोगों को भगवान का आशीर्वाद मिल रहा था। अब आपको पूरे देश का आशीर्वाद मिल रहा है। साथ ही प्रधानमंत्री ने श्रमिकों से कहा कि अब आप लोगों को अपनी गति बढ़ानी होगी। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के बाद लोगों को संबोधित भी किया। उन्होंने भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा को एक ऐतिहासिक क्षण बताया।
अभी बाकी है काफी काम
बता दें कि राम मंदिर का निर्माण कार्य काफी तेजी से चल रहा है। अभी प्रथम चरण का काम पूरा हुआ है और इसके बाद प्राण प्रतिष्ठा की गई है। इसके बाद काफी काम बचा हुआ। प्रधानमंत्री मोदी ने इसी शेष काम को लेकर श्रमिकों से कहा कि उन्हें अपने कार्य की गति बढ़ानी होगी। राम मंदिर के निर्माण में बड़ी संख्या में श्रमिकों को लगाया गया है, जो दिन-रात अथक परिश्रम कर रहे हैं।
इससे पहले पीएम मोदी ने शीर्ष संतों, नेताओं, उद्योगपतियों, फिल्मी सितारों, कवियों, साहित्यकारों और खिलाड़ियों की उपस्थिति में कहा कि यह राम का परम आशीर्वाद है कि हम इसके साक्षी बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि लंबी प्रतीक्षा, धैर्य और सदियों के बलिदान के बाद हमारे राम आज आए हैं। मोदी ने कहा कि भगवान राम देश के संविधान की पहली प्रति में निवास करते थे। उन्होंने कहा कि ये मंदिर मात्र एक देव मंदिर नहीं है बल्कि राममंदिर भारत की दृष्टि का, भारत के दर्शन का, भारत के दिग्दर्शन का मंदिर है।