
अयोध्या में बने भव्य राम मंदिर में रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर रहे हैं। अब अयोध्या के रहने वाले लोगों और संत महात्मा के लिए राम मंदिर ट्रस्ट खुशखबरी लेकर आया है।दरअसल, अयोध्या के जो संत-महात्मा और नागरिक रोजाना राम मंदिर में जाकर दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अनुमति पत्र जारी कर रहा है। इसके जरिए रोजाना राम मंदिर के डी-1 द्वार से प्रवेश करके आसानी से दर्शन किए जा सकेंगे।’श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ”अयोध्या के संत महात्मा और नागरिक, जो श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के नित्य दर्शन करना चाहते हैं, वे राम कचहरी आश्रम, स्थित ट्रस्ट कार्यालय या रामपथ पर तीर्थ यात्री सेवा केंद्र में आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है। अनुमति पत्र प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक प्राप्त किया जा सकता है। नित्य दर्शन के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करना अनिवार्य रहेगा। मोबाइल फोन, पूजा सामग्री, प्रसाद आदि लेकर प्रवेश नहीं होगा। जिनके पास अनुमति पत्र है, वे डी-1 द्वार से ही प्रवेश कर सकते हैं।
महीनेभर में 1-2 बार ही किए दर्शन तो पास होगा रद्द
आगे बताया गया है कि एक बार बनाया गया अनुमति पत्र छह महीने तक के लिए ही मान्य रहेगा। इसके बाद नवीनीकरण कराया जा सकेगा। यदि पाया गया कि नित्य दर्शन के नाम पर अनुमतिपत्र लिया गया और एक महीने में एक-दो बार ही आते हैं तो पास निरस्त किया जा सकता है। अपना प्रवेश पत्र नित्य दर्शन के समय पुलिस बूथ पर दिखाना होगा। बता दें कि वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में भी इसी तरह की सुविधा हाल ही में शुरू की गई है। काशी विश्वनाथ मंदिर के गेट नंबर चार के बगल से रास्ता बनाया गया है, जिसमें वाराणसी के रहने वाले श्रद्धालु मंदिर में दर्शन कर सकेंगे। मंदिर में बाहर से आने वाले भक्तों की संख्या बहुत ज्यादा थी, जिसकी वजह से वाराणसी के लोगों को दर्शन करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इसी वजह से एक आईडी कार्ड के जरिए वाराणसी के स्थानीय लोग बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर सकेंगे।