
यूपी दौरे पर आए दक्षिण के सुपरस्टार रजनीकांत ने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बाद सोमवार को जनसत्ता पार्टी के अध्यक्ष राजा भैया से मुलाकात की।रजनीकांत सुबह राजा भैया के आवास पर पहुंचे। वहां काफी देर तक दोनों के बीच बातचीत हुई। बाद में राजा भैया और रजनीकांत की मुलाकात की एक तस्वीर सामने आई।राजा भैया से मुलाकात के बाद रजनीकांत दिल्ली रवाना हो गए हैं। बता दें कि इसके पहले रजनीकांत ने शनिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की थी। सीएम आवास में रजनीकांत का स्वागत खुद सीएम योगी आदित्यनाथ ने किया। कार से उतरते ही रजनीकांत ने योगी के पैर छूकर उनसे आशीर्वाद लिया। इसके पहले उन्होंने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से भी मुलाकात की थी।अखिलेश से बताई नौ साल पुुुुरानी दोस्ती
सुपरस्टार रजनीकांत ने रविवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। उन्होंने अखिलेश को गले लगाया और कहा कि हम अपने दोस्त से मिलने आए हैं। नौ साल पहले से दोस्ती है। रजनीकान्त ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
रामलला के दर्शन किए
रविवार को ही रजनीकांत ने अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन किए। यह उनकी पहली अयोध्या यात्रा थी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि मै सौभाग्यशाली हूं, मेरा बरसों पुराना सपना पूरा हो गया। मंदिर बेहद खूबसूरत बन रहा है, बन जाएगा तो और खूबसूरत लगेगा। मंदिर पूरा बन जाने के बाद दोबारा दर्शन के लिए आउंगा।स्टेट गेस्ट के रूप में अपराह्न करीब तीन बजे अयोध्या पहुंचे रजनीकांत ने सबसे पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन किया। दर्शन के बाद वह सीधे श्रीरामजन्म भूमि में विराजमान रामलला के दर्शन के लिए चले गये। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर निर्माण की स्थिति की भी जानकारी ली। यहां से लौटते हुए एक न्यूज एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण के बाद यहां की स्थितियां बदल जाएंगी।