चंडीगढ़। पंजाब में आई भीषण बाढ़ से हुए भारी नुकसान के बीच मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने बुधवार (17 सितंबर) को ‘मिशन चढ़दी कला’ की शुरुआत की। इस अभियान का उद्देश्य बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास और राहत कार्यों के लिए राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फंड जुटाना है।
मान ने कहा – हर पैसा पारदर्शिता से खर्च होगा
मुख्यमंत्री ने वीडियो संदेश में कहा, “बाढ़ पीड़ितों की सहायता हेतु आया एक-एक पैसा पूरी ईमानदारी व पारदर्शिता के साथ पुनर्वास और निर्माण कार्यों पर ही खर्च किया जाएगा।”
उन्होंने बताया कि यह बाढ़ पंजाब के इतिहास का सबसे बड़ा संकट है, लेकिन पंजाबी हमेशा की तरह हिम्मत और एकजुटता से इससे निपटेंगे।
कितना हुआ नुकसान?
- 2300 गांव डूबे
- 20 लाख लोग प्रभावित
- 5 लाख एकड़ फसल बर्बाद
- 56 लोगों की मौत
- 7 लाख लोग बेघर
- 3200 स्कूल और 19 कॉलेज नष्ट
- 1400 अस्पताल/क्लीनिक खंडहर बने
- 8500 किमी सड़कें और 2500 पुल क्षतिग्रस्त
- शुरुआती अनुमान के अनुसार 13,800 करोड़ रुपये का नुकसान
क्यों शुरू किया गया ‘मिशन चढ़दी कला’?
सीएम मान ने कहा कि बाढ़ के दौरान युवा अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों को बचा रहे थे, गुरुद्वारे-मंदिर मदद के लिए खुले और पूरा पंजाब परिवार की तरह खड़ा हुआ। उन्होंने कहा, “अब समय है राहत से आगे बढ़कर पुनर्वास की दिशा में कदम बढ़ाने का, ताकि किसान फिर खेतों में लौट सकें और बच्चे स्कूल जा सकें।”
‘चढ़दी कला’ का अर्थ है – कठिन से कठिन परिस्थिति में भी आशा और हौसला बनाए रखना।
सभी से की अपील
मान ने देशवासियों, उद्योगपतियों, कलाकारों, चैरिटेबल ट्रस्टों और दुनिया भर में बसे पंजाबी भाइयों-बहनों से सहयोग की अपील करते हुए कहा, “आज पंजाब को आपकी जरूरत है। आइए, इस कठिन घड़ी में पंजाब का हाथ थामें और खुले दिल से मदद करें।”
ऐसे करें योगदान
मुख्यमंत्री ने बताया कि लोग www.rangla.punjab.gov.in वेबसाइट के जरिए योगदान दे सकते हैं। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि उनके दफ़्तर में एक वार रूम बनाया गया है, जहां से वे स्वयं रोजाना मिशन की निगरानी करेंगे।
इस दौरान सीएम ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के डिप्टी कमिश्नरों से बैठक कर राहत कार्यों की समीक्षा की और उन्हें प्रभावित इलाकों के लगातार दौरे के निर्देश दिए।