उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने की घटना को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस हादसे को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में बनने वाले निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहे हैं और यही हादसों की सबसे बड़ी वजह है.
हमीरपुर हादसे पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए हादसे पर दुख जताया और सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए.
उन्होंने लिखा, ‘ये बहुत दुखदायी समाचार है कि उप्र के हमीरपुर में एक निर्माणाधीन पुल के गिरने से 6 लोगों की मौत हो गई और अन्य घायल भी हैं. राहत-बचाव कार्य तेज किया जाए और मृतकों का ससम्मान अंतिम संस्कार हो व परिजनों को मुआवज़ा दिया जाए.’
‘भाजपा शासन में हर निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट’
अखिलेश यादव ने आगे भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि राज्य में बन रहे ज्यादातर सरकारी निर्माण गुणवत्ता की कमी के कारण हादसों का शिकार हो रहे हैं.
उन्होंने लिखा, ‘ये एक गंभीर बात है कि भाजपा के समय में हो रहा हर निर्माण भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है. हर काम में 50% से भी ज़्यादा की भाजपाई कमीशनख़ोरी, इसकी मूल वजह है. कभी पुल गिरता है, कभी पानी की टंकी, तो कभी स्टेशन की दीवार और कभी इनके बनाए हुए भवनों की छतों से पानी टपकता है.’
‘जो पुल हवा से टूट रहे हैं…’
हमीरपुर हादसे को लेकर सपा प्रमुख ने निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए भविष्य को लेकर चिंता भी जताई.
उन्होंने कहा, ‘जो पुल हवा से टूट जा रहे हैं, जब उन पर ट्रैफ़िक चलेगा तो क्या होगा, ये कल्पना ही डर पैदा करती है. हम अपने स्थानीय कार्यकर्ताओं से हर संभव मदद करने की अपील करते हैं.’
सपा प्रवक्ता ने भी सरकार को घेरा
इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता मनोज काका ने भी पुल हादसे को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला था. उन्होंने कहा कि सिर्फ आंधी-तूफान के दबाव में पुल का गिर जाना विकास योजनाओं में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर लगातार गिर रहे पुलों और निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी कौन लेगा.
आंधी-तूफान में गिरा निर्माणाधीन पुल
दरअसल, हमीरपुर में बेतवा नदी पर बनाया जा रहा निर्माणाधीन पुल बीती रात तेज आंधी और तूफान के दौरान भरभराकर गिर गया. हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है.