हर घर अधिकार रैली के तहत कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा शुक्रवार को मोतिहारी पहुंचीं और विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मंच पर एक बार फिर पप्पू यादव को भाषण से वंचित किया जा रहा था, लेकिन प्रियंका गांधी के इशारे पर उन्हें बोलने का मौका मिला। अपने संबोधन में पप्पू यादव ने प्रियंका और राहुल गांधी की जमकर तारीफ की।
मोदी और शाह पर सत्ता लोभी होने का आरोप
प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “इन लोगों ने सत्ता में बने रहने के लिए धर्म और नफरत की राजनीति की है। महागठबंधन और कांग्रेस देश के संविधान की रक्षा के लिए लड़ रहे हैं। बिहार की जनता बीस सालों से संघर्ष कर रही है और यह संघर्ष अब खत्म होना चाहिए।”
पेपर लीक और युवाओं के भविष्य पर चिंता
प्रियंका गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा और कहा कि “सरकार के पास कोई समाधान नहीं है। हम आपको पेपर लीक से मुक्ति दिलाना चाहते हैं। खाली पदों को भरना चाहते हैं और आपका भविष्य उज्ज्वल बनाना चाहते हैं। जहां हमारी सरकार होगी, हम यह स्थिति सुनिश्चित करेंगे।”
महिलाओं के लिए बड़े वादे
प्रियंका गांधी ने महिलाओं के अधिकार और सशक्तिकरण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि “हम बहनों को हर महीने 1500 रुपये पेंशन देंगे, हर साल 200 रुपये की बढ़ोतरी के साथ जमीन का मालिकाना हक देंगे। हम बिहार बनाओ निधि और एमएसपी की गारंटी देंगे।”
पटना में 2000 महिलाओं से की मुलाकात
मोतिहारी रैली के बाद प्रियंका गांधी पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय सदाकत आश्रम पहुंचीं, जहां उन्होंने 2000 महिलाओं से बातचीत की। इनमें मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, वकील और डॉक्टर शामिल थीं। प्रियंका गांधी ने इन महिलाओं से अपील की कि वे चुनाव में नीतीश कुमार और बीजेपी सरकार को हराएं। उन्होंने कहा कि एनडीए की महिला रोजगार योजना सिर्फ चुनावी वादा है, क्योंकि सरकार जानती है कि महिलाओं के समर्थन के बिना चुनाव नहीं जीता जा सकता।