दिल्ली जल बोर्ड की शुक्रवार (26 सितंबर) को हुई बैठक में पानी के बकाया बिलों को लेकर कई बड़े फैसले लिए गए। बैठक के बाद दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने घोषणा की कि अब बकाया बिल पर ब्याज केवल 2% होगा। इसके साथ ही लेट पेमेंट चार्ज पर पूरी तरह छूट दी जा रही है।
जनवरी और मार्च तक मिलेगी छूट
प्रवेश वर्मा ने बताया कि जो उपभोक्ता 31 जनवरी तक बकाया बिल चुकाएंगे, उन्हें लेट चार्ज पर 100% छूट मिलेगी। वहीं, 31 मार्च तक भुगतान करने वालों को 70% छूट मिलेगी।
कुल बकाया में 90% सिर्फ लेट चार्ज
मंत्री ने कहा, “दिल्ली सरकार को कुल 87,589 करोड़ रुपये बकाया वसूलना है, जिसमें से 71,25 करोड़ पानी के इस्तेमाल का है और 80,463 करोड़ रुपये सिर्फ लेट पेमेंट चार्ज है। यानी कुल बकाया का 90% हिस्सा सिर्फ पेनल्टी है।”
घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत
वर्मा ने कहा कि घरेलू और सरकारी उपभोक्ताओं के बकाया पर 100% लेट पेमेंट चार्ज माफ होंगे। हालांकि, कमर्शियल कनेक्शन वालों के लिए राहत की दर बाद में तय की जाएगी।
वैध कनेक्शन अब आसान
उन्होंने बताया कि पहले अवैध कनेक्शन को वैध कराने के लिए 26,000 रुपये देने होते थे, लेकिन अब सिर्फ 1,000 रुपये ही देने होंगे। यह व्यवस्था मार्च 2026 तक लागू रहेगी। वहीं, कमर्शियल कनेक्शन के लिए पहले 61,056 रुपये देना पड़ता था, लेकिन अब सिर्फ 5,000 रुपये में वैध कराया जा सकेगा।
पानी के मीटर लगाने की नई व्यवस्था
मंत्री ने कहा कि अब मीटर लगाने का काम प्राइवेट लाइसेंसधारकों को भी दिया जाएगा। अब तक 1 लाख लोगों ने मीटर के लिए आवेदन किया है, लेकिन पेंडेंसी के कारण वे नहीं लग पाए, जिससे सरकार को 51 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है।