अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा रंगभरी एकादशी के अवसर पर बुधवार को पूरे परिवार के साथ अयोध्या में रामलला का दर्शन करने पहुंचीं। भारतीय परिधान में पीले रंग की साड़ी में मंदिर पहुंची प्रियंका ने बेटी मालती को खुद गोद में ले रखा था।पति निक जोनस और प्रियंका की मां मधु चोपड़ा भी साथ हैं। स्पेशल विमान से पहुंचीं अभिनेत्री का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह पीले रंग की साड़ी के साथ हाथों में चूड़ियां पहनी दिखाई दे रही हैं। पति निक जोनस भी भारतीय परिधान में ही रामलला के मंदिर पहुंचे हैं।कुछ दिन पहले ही प्रियंका भारत आई हैं। उनके बाद निक जोनस भी इंडिया पहुंचे। अब अचानक पूरा परिवार अयोध्या पहुंचा है। इस दौरान प्रियंका चोपड़ा समेत पूरे परिवार ने सिर पर राम के नाम का टीका भी लगवाया। पूरा परिवार राम की भक्ति में डूबा दिखाई दिया। बेटी मालती मेरी और निक जोनस भी आस्था के रंग में रंगे नजर आए। प्रियंका के साथ उनकी मां मधु चोपड़ा भी रामलला के दर्शन करने पहुंची।इस दौरान रामलला की मनोहारी छवि देखकर प्रियंका अभिभूत हो गयीं। मंदिर के सहायक पुजारी प्रदीप दास ने मंत्रोच्चार के साथ उन्हें अंगवस्त्रम, चंदन व प्रसाद भेंट कर आशीर्वाद दिया। इसके पहले उनका स्वागत श्रीरामजन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा अनिल मिश्र ने सपरिवार किया।प्रियंका दोपहर डेढ़ बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर पहुंचीं। एयरपोर्ट से सीधे कार से राम मंदिर पहुंचीं। राम मंदिर में पुलिसकर्मियों और फैन में सेल्फी लेने की होड़ मची। प्रियंका ने उनके साथ फोटोशूट कराया। इसके बाद मंदिर से सीधे एयरपोर्ट पहुंचीं और मुंबई के लिए रवाना हो गईं। रामलला के पुजारी प्रदीप दास ने बताया, प्रियंका चोपड़ा और उनके पति के स्वास्थ्य और बच्चे के मंगल के लिए आशीर्वाद दिया। रामलला का दर्शन कर अभिनेत्री सहित पूरा परिवार खूब खुश नजर आया। प्रियंका राम मंदिर में करीब 15 मिनट तक रहीं।