
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पहली बार भाजपा के पूर्व सहयोगी शिरोमणि अकाली दल (बादल) ने कड़ी आपत्ति जताई है, जिसमें पीएम ने कहा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में गई तो देश की संपत्ति को ‘घुसपैठियों’ और ‘जिनके पास अधिक बच्चे हैं’ के बीच बांट सकती है।इस पर अकाली दल के प्रवक्ता ने कहा है कि आज अगर उनकी (मुस्लिमों) बारी है, तो कल हमारी (सिखों) भी बारी आ सकती है।पीएम मोदी के भाषण की एक क्लिप साझा करते हुए, SAD प्रवक्ता परमबंस सिंह रोमाना ने एक्स पर पोस्ट किया, “जहर और नफरत नई ऊंचाई पर। वैसे तो भारत एक संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य माना जाता है लेकिन हम सभी का दोष यह है कि हम अन्याय के बारे में तब सोचते हैं जब वह हमारे खिलाफ होता है। अगर आज उनकी बारी है तो कल हमारी भी बारी आ सकती है। यह शर्मनाक और बहुत परेशान करने वाला है!”इस बीच, पंजाब के पूर्व मंत्री और अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “श्री गुरु नानक देव जी ने हमें सभी इंसानों के साथ एक जैसा व्यवहार करने और ‘सरबत दा भला’ कहकर सभी के लिए अच्छा करने और सोचने की शिक्षा दी है। पीएम मोदी ने कल कहा, उसने देश के लिए डॉ. बीआर अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को कमजोर किया है जो सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है। अकाली_दल हमेशा अल्पसंख्यकों, पंजाब और पंजाबियत के लिए खड़ा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी जी क्या यही आपका ‘सब का साथ, सबका विकास’ है?”मजीठिया ने लिखा, “आपके बयान से बहुत शर्मिंदा हूं क्योंकि आप भारत के प्रधान मंत्री हैं और भारत धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है। मैं वोटों के ध्रुवीकरण के उद्देश्य से किए गए पीएम मोदी के इस आचरण की कड़ी निंदा करता हूं, जो यह दर्शाता है कि वह चुनाव हार रहे हैं।”बता दें कि पीएम मोदी के बयान पर अकाली दल की ओर से पहली बार ऐसी ऐसी कड़ी प्रतिक्रिया आई है। इससे पहले, अकाली दल ने सिख कैदियों की रिहाई और किसानों को सभी फसलों पर एमएसपी देने की मांग पूरा नहीं करने पर भाजपा की खिंचाई की थी। पिछले हफ्ते, मजीठिया ने खुलेआम मतदाताओं से कहा था कि वे भाजपा उम्मीदवारों को पंजाब के गांवों में घुसने न दें।