खाड़ी संकट पर PM मोदी दिखे एक्शन में, ओमान-कुवैत से सीधी बात, भारतीयों की सुरक्षा पर हाई अलर्ट

खाड़ी देशों में बढ़ते संघर्ष और युद्ध जैसे हालात के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कूटनीतिक स्तर पर सक्रिय नजर आए। अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव का असर पूरे मिडिल ईस्ट क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए भारत सरकार लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। मंगलवार (3 मार्च) दोपहर प्रधानमंत्री मोदी ने खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख नेताओं से फोन पर बातचीत कर सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिति पर चर्चा की।

ओमान और कुवैत के नेताओं से हुई अहम बातचीत

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ओमान के सुल्तान हैथम बिन तारिक से टेलीफोन पर बातचीत की। इसके अलावा कुवैत के युवराज शेख सबाह अल-खालिद अल-हमद अल-मुबारक अल-सबाह से भी संवाद किया। बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने हालिया हमलों पर चिंता व्यक्त की और इन देशों में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा को लेकर विशेष चर्चा की। दोनों देशों के साथ क्षेत्रीय स्थिरता और मौजूदा हालात पर भी विचार-विमर्श किया गया।

विदेश मंत्रालय ने दिया आधिकारिक बयान

पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से भी आधिकारिक बयान जारी किया गया। प्रवक्ता ने कहा कि भारत हमेशा संवाद और कूटनीति के जरिए समाधान का समर्थन करता है और संघर्ष को जल्द समाप्त करने की आवश्यकता पर जोर देता है। जारी हिंसा में कई लोगों की जान जाने पर भारत ने गहरा दुख भी व्यक्त किया है।

भारतीयों की सुरक्षा बनी सबसे बड़ी प्राथमिकता

विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि रमजान के पवित्र महीने के दौरान क्षेत्र की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। खाड़ी देशों में एक करोड़ से अधिक भारतीय नागरिक काम करते हैं, इसलिए उनकी सुरक्षा भारत सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारत की ऊर्जा आपूर्ति और व्यापारिक सप्लाई चेन का बड़ा हिस्सा इसी क्षेत्र से गुजरता है, ऐसे में किसी भी बड़े व्यवधान का सीधा असर भारतीय अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है।

व्यापारिक जहाजों पर हमलों का भारत ने किया विरोध

भारत ने क्षेत्र में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों का कड़ा विरोध जताया है। बयान में यह भी कहा गया कि हाल के कुछ हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत हुई है या वे लापता बताए जा रहे हैं, जिसे लेकर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *