पुतिन के घर पर 91 ड्रोन से हमले की कोशिश? पीएम मोदी ने जताई गहरी चिंता, बोले- शांति ही एकमात्र रास्ता

नई दिल्ली/मास्को: रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग ने अब एक खतरनाक मोड़ ले लिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों ने पूरी दुनिया में हड़कंप मचा दिया है। इस गंभीर घटनाक्रम पर भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी चिंता व्यक्त की है। पीएम मोदी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ किया कि विवादों का हल बम-बारूद से नहीं, बल्कि बातचीत से होना चाहिए।

पीएम मोदी की अपील: ‘शांति वार्ता को कमजोर न करें’

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, “रूसी संघ के राष्ट्रपति के घर को निशाना बनाने की खबरों से बहुत चिंतित हूं. दुश्मनी खत्म करने और स्थाई शांति पाने के लिए चल रहे कूटनीतिक प्रयास ही सबसे सही रास्ता हैं.” उन्होंने सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे किसी भी कदम से बचना चाहिए जो शांति की कोशिशों को कमजोर करते हों।

रूस का दावा: 91 ड्रोन से हुआ हमला

रूस ने दावा किया है कि रविवार और सोमवार की दरमियानी रात यूक्रेन ने मास्को के उत्तर में स्थित नोवगोरोड क्षेत्र (Novgorod region) में राष्ट्रपति पुतिन के आवास पर हमले की कोशिश की।

  • रूसी विदेश मंत्री का बयान: विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने बताया कि करीब 91 लंबी दूरी के ड्रोन (Long-range Drones) का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, रूस ने दावा किया कि सभी ड्रोन्स को मार गिराया गया और कोई नुकसान नहीं हुआ।
  • चेतावनी: लावरोव ने चेतावनी दी है कि रूस “उचित समय पर जवाबी कार्रवाई करने का अधिकार सुरक्षित रखता है।”

यूक्रेन का इनकार, ट्रंप रह गए हैरान

जहां एक तरफ रूस इसे हत्या की साजिश बता रहा है, वहीं यूक्रेन ने ऐसे किसी भी हमले में अपनी भूमिका से साफ इनकार किया है। रूसी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जब क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस हमले की जानकारी दी, तो वे भी स्तब्ध (Shocked) रह गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *