प्रीमियम पेट्रोल और कमर्शियल गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के बीच उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए विवादित बयान दिया है। वाराणसी में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव को लेकर तंज कसा।
कीमतों को लेकर राजभर का बयान
ओमप्रकाश राजभर ने कहा, “घरेलू सिलेंडर के दाम नहीं बढ़े हैं, जो कमाने वाले हैं उनके दाम बढ़े हैं। आम लोगों पर इसका कोई असर नहीं है, बस कमाई थोड़ा कम होगी।”
उन्होंने आगे कहा कि सिलेंडर न मिलने की शिकायत केवल विपक्षी दल कर रहे हैं। इसी दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “अखिलेश यादव ने दो चूल्हा खरीदा है, इसका मतलब वह अलग रहते हैं और डिंपल यादव अलग रहती हैं।”
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
राजभर ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोलते हुए दावा किया कि उनकी रैलियों में विपक्ष से ज्यादा भीड़ जुट रही है। उन्होंने कहा कि आजमगढ़ में उनकी सभा में दादरी की तुलना में पांच गुना अधिक लोग पहुंचे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी में “मार खाने वाले और मारने वाले” दोनों शामिल हैं और पार्टी अब सत्ता में वापस नहीं आ पाएगी। राजभर ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी दलों में वोट दिलाने की ताकत है, जबकि समाजवादी पार्टी को उन्होंने “दगे हुए कारतूसों” का समूह बताया।
2027 चुनाव लड़ने के दिए संकेत
आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी राजभर ने बड़ा संकेत दिया। उन्होंने कहा कि वह जहुराबाद सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं और वहां की जनता उन्हें समर्थन देने के लिए तैयार है।
राजभर ने दावा किया कि जहुराबाद क्षेत्र में विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए हैं और उनकी पार्टी प्रदेश की 62 सीटों पर जमीनी स्तर पर चुनावी तैयारी कर रही है।