यूपी की उठापटक के बीच मोदी से मिलेंगे योगी, प्रदेश के मौजूदा हालात पर रखेंगे अपनी बात

यूपी चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन को लेकर मची उठापटक के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27-28 जुलाई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिल सकते हैं। योगी की गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात की संभावना है।मुख्यमंत्री इस मुलाकात में पार्टी नेतृत्व के सामने चुनावी नतीजों और प्रदेश की मौजूदा सियासी स्थिति को लेकर अपना पक्ष रख सकते हैं। वहीं केंद्रीय नेतृत्व के साथ यूपी के सरकार और संगठन के चेहरों की संयुक्त बैठक भी हो सकती है।

नई दिल्ली में आगामी 27-28 को नीति आयोग के शासी निकाय की नौंवी बैठक प्रस्तावित है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी और दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य व ब्रजेश पाठक सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री भाग लेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री की पीएम मोदी से अलग से भी मुलाकात हो सकती है। अभी तक संगठन द्वारा प्रदेश की सभी सीटों की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व को सौंपी गई है। अब मुख्यमंत्री भी अपनी बात नेतृत्व के समक्ष रख सकते हैं। इस मुलाकात के बाद प्रदेश की सियासी उथल-पुथल शांत हो सकती है।

25-26 को होगी राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक
दिल्ली में भाजपा की 25 व 26 जुलाई को राष्ट्रीय पदाधिकारी बैठक भी प्रस्तावित है। इस बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह भाग लेंगे। इस बैठक में सदस्यता अभियान सहित पार्टी के आगामी कार्यक्रमों-अभियानों को लेकर रोडमैप तय होगा। ऐसे में माना जा रहा है कि 26 या 27 में केंद्रीय नेतृत्व के साथ सरकार और संगठन के नेताओं की संयुक्त बैठक भी हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *