दिल्ली: आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने सौरभ भारद्वाज के घर हुई ईडी रेड पर तीखी प्रतिक्रिया दी। बुधवार (27 अगस्त) को उन्होंने भारद्वाज से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया और कहा कि भाजपा व केंद्र सरकार की हर साजिश का डटकर मुकाबला किया जाएगा।
18 घंटे की रेड को बताया “फर्जी ड्रामा”
सिसोदिया ने कहा कि मंगलवार (26 अगस्त) को ईडी ने सौरभ भारद्वाज के घर करीब 18 घंटे छापेमारी की, लेकिन कोई ठोस सबूत नहीं मिला।
उनके मुताबिक, “जब भी देश पीएम मोदी और बीजेपी से सवाल करता है, तब ईडी विपक्षी नेताओं के घर रेड डाल देती है। यह छापेमारी सिर्फ पीएम की फर्जी डिग्री पर उठ रहे सवालों से ध्यान हटाने के लिए की गई थी।”
उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि मजाक में किसी ने कहा, “सौरभ के घर से एक कागज मिला है जिस पर लिखा था– डिग्री तो दिखानी पड़ेगी।” यह जनता के दिल की आवाज है कि पीएम को अपनी डिग्री दिखानी ही होगी।
बीजेपी पर लगाया “फर्जी केस” का आरोप
सिसोदिया ने दावा किया कि ईडी का इस्तेमाल अब विपक्ष को डराने और झूठे मुकदमे बनाने के लिए हो रहा है।
“पूरा देश जानता है कि पीएम की डिग्री पर सवाल उठे हैं, कोर्ट में भी यही मुद्दा उठा। इसीलिए बीजेपी ने फर्जी केस और फर्जी रेड की साजिश रची।” – उन्होंने कहा।
“AAP परिवार एकजुट, डरने वाला नहीं”
मनीष सिसोदिया ने सौरभ भारद्वाज और उनके परिवार की हिम्मत की सराहना की और कहा कि AAP का हर कार्यकर्ता भ्रष्टाचार और गंदी राजनीति के खिलाफ इस लड़ाई में उनके साथ है।
“हम एक परिवार हैं, जब तक साथ हैं, कोई भी झूठ और साजिश हमें नहीं झुका सकती।”
उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी AAP नेताओं को गिरफ्तार किया गया, लेकिन पार्टी ने हर बार मजबूती से लड़ाई लड़ी है और आगे भी लड़ती रहेगी।