
सातवें चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार की शाम को वाराणसी पहुंच गए हैं। एक सप्ताह में वाराणसी के अंदर पीएम मोदी का यह दूसरा दौरा है।
पीएम मोदी वाराणसी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में 25 हजार से ज्यादा महिलाओं से सीधा संवाद किया। पीएम मोदी ने कहा, मां गंगा ही अब हमारी माता है। वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन करीब डेढ़ घंटे तक चलेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सीएम योगी भी वाराणसी पहुंचे हैं। बतादें कि ‘मातृशक्ति’ सम्मेलन में शामिल होने वाली 25 हजार से अधिक महिलाओ में गृहणियां, डॉक्टर, शिक्षिकाएं, व्यापारी, अधिवक्ता, खिलाड़ी सहित सभी वर्ग की महिलाएं भी शामिल होंगी। हर महिला कार्यकर्ता को हर बूथ से 10 महिलाओं को लाने की जिम्मेदारी दी गई है। ‘मातृशक्ति’ सम्मेलन के लिए महिला पदाधिकारी घर-घर जा कर संपर्क किया है।
Live Update:
-महिलाओं से संवाद के बाद पीएम नरेंद्र मोदी वाराणसी के संकट मोचन मंदिर पहुंचे।
-भाजपा सरकार की योजनाओं को गिनाते हुए पीएम मोदी ने कहा, महिलाओं को अब दर्द सहन नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल का खर्चा सरकार उठाएगी। 70 साल के जो भी बुजुर्ग होंगे अब उनके खर्चे की जिम्मेदारी भी मोदी करेगा। आप अपना आयुष्मान कार्ड बनवाइए बाकी सब मोदी पर छोड़ दीजिए। पीएम ने कहा, मोदी ने कुछ दिन पहले ही पीएम सूर्य घर मुफ्त योजना शुरू की है।
-बनारस में दो हजार से ज्यादा घरों में सोलर प्लांट लग चुका है। इससे भी लोगों के बिजली बिल में महीने के दो से ढाई हजार रुपये बच रहे हैं। चार जून के बाद 75 हजार रुपये सोलर के लिए दिए जाएंगे और आपका बिजली बिल शून्य हो जाएगा। विपक्ष पर बरसे हुए पीएम मोदी ने कहा, इंडिया गठबंधन के नेता कहते हैं शक्ति का विनाश करेंगे। चार जून के बाद मोदी आपकी शक्ति को महाशक्ति बनाकर रहेगा।
-पीएम मोदी ने कहा, बहुत जल्द 80 हजार से ज्यादा घरों को पाइप से गैस मिलने वाली है, इससे बचत बढ़ेगी। पिछले 10 सालों में बनारस के तीन लाख से ज्यादा लोगों का मोतियाबिंद का ऑपरेशन हुआ है। मैंने तीन लाख परिवारों के 10-10 हजार रुपये बचाए हैं। बनारस में 80 प्रतिशत की छूट के साथ दवाई मिलती है। सस्ती दवा मिलने से बनारस के लोगों का करोड़ों रुपया बचा है।
-पीएम मोदी ने कहा, सपा वाले बेशर्मी से कहते थे लड़के हैं लड़कों से गलती हो जाती है। आज सपा के लड़के गलती करके दिखाएं, योगी जी सरकार उनका वो हाल करेगी जो उन्होंने सोचा भी नहीं होगा। पीएम मोदी ने कहा पहली बार केंद्र में ऐसी सरकार आई है, जिसने महिलाओं के सम्मान की चिंता की है। उन्हें इज्जत घर दिए। इसके लिए विपक्ष मजाक उड़ाते हैं।
-महिलाओं से बातचीत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, जब घर आपके बिना नहीं चलता तो देश कैसे चल जाता है। ये बात 60 वर्षों तक सरकारों को समझ ही नहीं आई। कांग्रेस सपा की सरकारों में महिलाओं के साथ केवल उपेक्षा होती थी। इंडिया गठबंधन की मानसिकता ही महिला विरोधी है। इंडिया गठबंधन वाले महिलाओं को आरक्षण का विरोध करते हैं। जहां इनकी सरकार आती है, महिलाओं का जीना दूभर हो जाता है। बनारस के लोग तो यूपी-बिहार दोनों में रहे। जंगलराज से परिचित हैं। बहन-बेटियों का घर से निकलना मुश्किल था। बेटियों को सुरक्षा के डर से पढ़ाई छोड़कर घर पर बैठना पड़ता था।
-एक सप्ताह में दूसरी बार वाराणसी दौरे पर पहुंचे पीएम मोदी ने कहा, मां गंगा ही अब हमारी माता हैं। मां गंगा ने पहले मुझे काशी बुलाया था। अब मां गंगा ने मुझे गोद ले लिया है। आज इस आयोजन में इतनी सारी मातृशक्ति की मौजूदगी मुझे अभिभूत कर रही है।
-वाराणसी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में बोलते हुए सीएम योगी ने कहा, 2014 के पहले का काशी और 2014 के बाद का काशी बदल गया है। सीएम योगी ने कहा, पीएम ने महिलाओं को सशक्त किया है। आज यूपी की बेटियां सुरक्षित हैं। पीएम के नेतृत्व में देश का विकास हो रहा है। तीन तलाक कानून को खत्म किया गया। सीएम ने कहा, मोदी के संकल्प के साथ काशी की आधी आबादी जुड़ी है।
-वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कुछ देर में मातृशक्ति सम्मेलन को करेंगे संबोधित
-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पहले वाराणसी के संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय मैदान पहुंचे सीएम योगी