INDIA नहीं घमंडिया गठबंधन है, स्थिति बदली तो निकल जाएगी छुरी; विपक्ष पर पीएम मोदी का करारा वार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्षी INDIA गुट पर करारा प्रहार किया। पीएम मोदी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन को घमंडिया गठबंधन करार दिया है।
लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी गुट के बारे में बोलते हुए कहा, “ये इंडिया गठबंधन नहीं है, ये घमंडिया गठबंधन है। इसकी बारात में हर कोई दूल्हा बनना चाहता है। हर किसी को प्रधानमंत्री बनना है। जब भी परिस्थितियां बदलेंगी, विपक्षी गठबंधन में छुरियां निकल आएंगी।”

सदन में अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “हर जगह बस एक ही परिवार का नाम दिखाई देता था। कुछ काम नहीं किया, केवल भ्रष्टाचार किया। कांग्रेस का अपना कुछ भी नहीं, चुनाव चिह्न से लेकर विचार तक सब कुछ किसी और से उधार लिया गया है। कांग्रेस एक विदेशी ने बनाई थी। कांग्रेस ने विश्वसनीयता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय तिरंगे जैसा झंडा अपनाया, उन्होंने लाभ के लिए गांधी उपनाम भी ‘चुराया’। कांग्रेस को परिवारवाद पसंद है, कांग्रेस को दरबारवाद पसंद है।”

सदन में भाषण के दौरान पीएम मोदी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा, “कभी-कभी सच भी निकल जाता है। लंका हनुमान ने नहीं जलाई, रावण के अहंकार ने लंका जलाई, सच है। ऐसे ही कांग्रेस घमंड के कारण 400 से 40 पर आ गई है। जनता भगवान का रूप है इसलिए कांग्रेस की ये हालत हुई।”

अपने बयान में पीएम मोदी ने कहा, “कांग्रेस के पास न नीति है, न नीयत है, न विजन है, न वैश्विक अर्थव्यवस्था की समझ है और न उन्हें भारतीय अर्थव्यवस्था की ताकत का अनुमान है। कांग्रेस पार्टी और उनके दोस्तों का इतिहास रहा है कि उन्हें भारत पर, भारत के सामर्थ्य पर कभी भी भरोसा नहीं रहा है। कांग्रेस की पहचान से जुड़ी कोई चीज उनकी अपनी नहीं है, उनका चुनाव चिह्न से लेकर विचारों तक किसी और से लिये हुए हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *