72 घंटे में लगातार 3 आतंकी हमलों से दहला जम्मू-कश्मीर, खुली सुरक्षा व्यवस्था की पोल

म्मू-कश्मीर में 9 जून को रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस पर आतंकवादी हमले में नौ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 42 अन्य घायल हो गए। वहीं कठुआ और डोडा जिले मंगलवार देर रात को आतंकवादी हमलों में दो आतंकवादी और एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई और छह में से पांच सैनिक घायल हो गए।जम्मू-कश्मीर में 72 घंटों के भीतर हुए तीन आतंकी हमलों ने खुफिया एजेंसियों की विफलता सामने ला दी है। इन हमलों ने सीमाओं और भीतरी इलाकों में सुरक्षा को खामियां उजागर किया है।कठुआ के हीरानगर के सैदा सुखल गांव में आतंकी हमला मंगलवार शाम करीब 8 बजे हुआ, जब दो आतंकी अचानक गांव में आ धमके और ग्रामीणों से पानी मांगा। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “अजनबियों के हथियार ले जाने से घबराकर लोगों ने शोर मचाया और दो आतंकवादियों ने गोलियां चला दीं, जिसमें एक नागरिक घायल हो गया।” घायल नागरिक की पहचान सैदा सुखल गांव के दीनानाथ के पुत्र ओंकारनाथ के रूप में की गई। वह खतरे से बाहर बताया गया है। बाद के तलाशी अभियान के दौरान दो आतंकवादी मारे गए।

पानी मांगने आए आतंकी को देख गांव वाले हुए चौकन्ने
इस मामले के बारे में अधिकारी ने कहा, “जहां पहले आतंकवादी को सुरक्षा बलों ने कल रात ही मार गिराया था, वहीं दूसरे को बुधवार सुबह करीब 3.30 बजे मार गिराया गया।” हालांकि, गोलीबारी में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान कबीर दास गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने कहा, “आतंकवादियों ने सईदा सुखल गांव में सुरक्षा घेरा तोड़ने के लिए अंधाधुंध गोलीबारी की। ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने ताजा घुसपैठ की है।” उन्होंने कहा, “वे रात करीब 8 बजे गांव में दिखे। उन्होंने एक घर से पानी मांगा। लोग डर गए और सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम गांव पहुंची।”

इससे पहले, जैन ने कहा, “मंगलवार की देर शाम पुलिस स्टेशन हीरानगर के कूटा मोड़ के पास सईदा सुखल गांव में दो आतंकवादी (जो ताजा घुसपैठ करते प्रतीत हुए) सामने आए। उन्होंने कुछ घरों से पानी मांगा, जिस पर ग्रामीणों को संदेह हुआ और दरवादा बंद कर दिया और कुछ लोगों ने शोर मचा दिया।” उन्होंने कहा, “आतंकवादी घबरा गए और उन्होंने हवा में बेतरतीब ढंग से गोलीबारी की और पास से गुजर रहे एक ग्रामीण पर भी गोलीबारी की। हीरानगर के थाना प्रभारी और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे, उन्होंने आतंकवादियों से मुकाबला किया और पुलिस दल पर ग्रेनेड फेंकते समय एक आतंकवादी मारा गया।”

हमले के तुरंत बाद अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) के नेतृत्व में वरिष्ठ सीआरपीएफ पुलिस अधिकारी कठुआ में मुठभेड़ स्थल पर पहुंच गए थे, और क्षेत्र की सहायता से घर-घर की तलाशी के लिए घेराबंदी कर दी गई थी।

एक और आतंकी हमले में बाल-बाल बचे आतंकी
अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादी ने जम्मू से 60 किलोमीटर दूर गांव में सुरक्षा घेरा तोड़ने के लिए अंधाधुंध गोलीबारी की। एक अधिकारी ने बताया कि हीरानगर में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान के बीच एक आतंकवादी द्वारा उनके वाहनों पर गोलियों की बौछार करने के बाद डीआइजी डॉ. सुनील गुप्ता और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनायत अली चौधरी बाल-बाल बच गए। एक छिपे हुए आतंकवादी द्वारा दो दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग करने के बाद दोनों पुलिस अधिकारियों के काफिले पर हमला हो गया। अधिकारी ने कहा, “हालांकि, किसी भी अधिकारी या किसी कर्मी को कोई नुकसान नहीं हुआ।”

पाकिस्तान चॉकलेट और दवा खाते थे अतंकी
मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। बरामद हथियार और गोला-बारूद शामिल हैं; तीन मैगजीन जिसमें 30 राउंड, एक अन्य मैगजीन में 24 राउंड, एक अलग पॉलिथीन में 75 राउंड, 3 जिंदा ग्रेनेड, 1 लाख करेंसी (500 रुपये के 200 नोट), खाने का सामान (पाक निर्मित चॉकलेट, सूखा चना और बासी चपाती), पाक-निर्मित दवाएं और इंजेक्शन (दर्द-निवारक), 1 सिरिंज, ए4 बैटरी के 2 पैक और टेप में लिपटा हुआ एंटीना वाला 1 हैंडसेट और हैंडसेट से लटके हुए 2 तार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *