हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सोशल मीडिया की दोस्ती एक परिवार के टूटने की वजह बन गई। पिहानी थाना क्षेत्र के अब्दुल्ला नगर में 16 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते के टूटने का मामला सामने आया है, जहां तीन बच्चों की मां कथित प्रेमी के साथ घर छोड़कर चली गई। पति की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रील्स बनाते-बनाते हुई सोशल मीडिया पर दोस्ती
जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय अनीता सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक और इंस्टाग्राम पर रील बनाने की शौकीन थी। इसी दौरान उसकी पहचान गौरव नाम के युवक से हुई, जो खुद भी रील्स बनाता था। लाइक, कमेंट और चैट से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे करीबियों में बदल गई और दोनों के बीच लगातार बातचीत होने लगी।
12 मार्च की रात से शुरू हुआ घटनाक्रम
पति सत्यपाल के अनुसार, 12 मार्च की रात अनीता कमरे का दरवाजा बंद कर हेडफोन लगाकर देर रात तक किसी से बात कर रही थी। आवाज देने पर उसने दरवाजा खोला और फोन जमीन पर पटक दिया। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन अगले दिन सुबह अनीता दवाई लेने का बहाना बनाकर घर से निकली और फिर वापस नहीं लौटी।
मोबाइल घर पर छोड़ गई, बाद में खुद किया फोन
परिजनों के मुताबिक अनीता अपना मोबाइल घर पर ही छोड़ गई थी। पति ने सिम कार्ड दूसरे फोन में डालकर उस नंबर पर कॉल किया, जिससे वह अक्सर बात करती थी। शुरुआत में युवक ने अनजान बनने की कोशिश की, लेकिन कुछ देर बाद उसी नंबर से कॉल आई, जिसमें अनीता ने बताया कि वह प्रेमी के पास पहुंच चुकी है और अब उसी के साथ रहेगी।
पति का दावा है कि समझाने पर भी उसने घर लौटने से इनकार कर दिया और वापस लाने की कोशिश करने पर जहर खाने की धमकी भी दी।
जेवर और नकदी साथ ले जाने का आरोप
सत्यपाल ने आरोप लगाया कि अनीता घर से जाते समय करीब एक किलो चांदी, सोने के झाले और लगभग 50 हजार रुपये नकद भी साथ ले गई। परिवार ने तीन बच्चों — 14 साल की बेटी और 12 व 9 साल के दो बेटों — का हवाला देकर उसे मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
आखिरकार परेशान पति ने पिहानी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर महिला की तलाश शुरू कर दी है। गांव में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।