
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयोन मोर्गन का कहना है कि पूरी तरह से फिट हार्दिक पांड्या आगामी वनडे विश्व कप के लिए भारत को असली दावेदार बनाते हैं। उनका मानना है कि आगामी विश्व कप में ऐसी कम ही टीमें होंगी, जिनके पास एक ऐसा खिलाड़ी हो जो छठे नंबर पर बल्लेबाजी करता हो और गेंदबाजी करने का भी दम रखता हो।
आगामी वनडे विश्व कप में भारत अपने अभियान की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा।
इयोन मोर्गन ने स्काई स्पोर्ट्स से कहा, ”हार्दिक पांड्या का फिटनेस लेवल, उनकी गेंदबाजी करने की क्षमता, उन्होंने एशिया कप में अभी कुछ ओवर डाले हैं लेकिन उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की है और टूर्नामेंट में कुछ ही टीमें हैं जिनके पास शीर्ष छह में बल्लेबाजी करने वाला और गेंदबाजी करने की क्षमता वाला कोई होगा।”
उन्होंने कहा, ”ऑस्ट्रेलिया के पास मार्कस स्टॉयनिस और कैमरन ग्रीन जैसे खिलाड़ी हैं लेकिन वह भूमिका वास्तव में टीम को संतुलित करती है और विश्व कप के दौरान हमें कई अलग-अलग पिचें देखने को मिलेंगी। प्रतिद्वंद्वी टीमों में से अधिकांश के पास स्पिनर हैं जो वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी करते हैं। लेकिन फिट हार्दिक पांड्या के होने और 5 या 6 ओवर अच्छी गेंदबाजी करने से मुझे लगता है कि वह पसंदीदा हैं।”
न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज साइमन डुल भी मोर्गन के विचार से सहमत नजर आए। उन्होंने कहा, ”मैं इयोन मोर्गन के हार्दिक पांड्या वाली चीज से सहमत हूं। अगर वह फिट हैं और करने के लिए तैयार हैं फिर उनके पास अक्षर पटेल और रविंद्र जडेजा हैं।”