गुजरात के गांधीनगर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गुजरात के गांधीनगर जिले में सोमवार को बंदरों के हमले में 10 साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घटना देहगाम तहसील के सल्की गांव में हुई।बच्चा एक मंदिर के पास अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान बंदरों ने उस पर हमला कर दिया। बंदरों के इस हमले में बच्चे की आंतें तक बाहर आ गई थीं। पुलिस ने बताया कि मृतक बच्चे की पहचान दीपक ठाकुर के रूप में हुई है।
एक अधिकारी ने बताया, घटना के बाद बच्चे को तुरंत पहले घर और वहां से अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वन विभाग के अधिकारी विशाल चौधरी ने बताया कि बंदरों के हमले में बच्चे की आंतें तक बाहर आ गई थीं। गांव में एक सप्ताह के भीतर बंदरों द्वारा किया गया ये तीसरा हमला है। बंदरों को पकड़ने की लगातार कोशिशें की जा रही हैं।
अधिकारी विशाल चौधरी ने कहा- हमने पिछले एक हफ्ते में दो लंगूरों को पकड़ा है। अन्य लंगूरों को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाए हैं। गांव में बंदरों का एक बड़ा समूह है, जिनमें चार वयस्क भी शामिल हैं, जो पिछले एक हफ्ते से हो रहे इन हमलों में शामिल रहे हैं। खतरनाक हो चुके वयस्क बंदरों में से दो को पकड़ लिया गया है। दूसरे को पिंजरे में बंद करने के प्रयास जारी हैं।