ग्रेटर नोएडा में हुए भीषण बस अग्निकांड के बाद हादसे के समय स्लीपर बस में सवार यात्रियों की सूची सामने आई है। गौतम बुद्ध नगर के ADM अजीत कुमार के मुताबिक, दिल्ली से महोबा जा रही इस बस में हादसे के वक्त करीब 35 यात्री सवार थे। रात करीब 11:15 बजे बस में आग लग गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
बस अग्निकांड में अब तक 9 यात्रियों की मौत
ADM अजीत कुमार ने बताया कि हादसे में अब तक 9 यात्रियों की मौत की पुष्टि हुई है। कुछ यात्री घायल भी हुए हैं। घायलों को घटनास्थल पर प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद करीब 15 यात्रियों को विशेष वाहन से महोबा भेजा गया। वहीं, एक महिला का इलाज अभी आरोग्य अस्पताल में चल रहा है।
प्रशासन की ओर से यात्रियों और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के शवों के पोस्टमार्टम की कार्रवाई भी की जा रही है।
सामने आई बस में सवार यात्रियों की सूची
हादसे के बाद सामने आई सूची में वीरेंद्र कुमार सिंह, विश्वामित्र यादव, ओमजी गुप्ता, अंकित राजपूत, गौकुल, प्रवेश कुमार, मानव द्विवेदी, रोनी विश्वास, प्रभुदयाल गुप्ता, उत्कर्ष गुप्ता, सीसपाल सिंह, सुनील कुमार, रिंकी राजपूत, रविंद्र राजपूत, विकास कुमार और मुकेश गोस्वामी के नाम शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी में हरिशरण गुप्ता और उषा गुप्ता का नाम Missing Person के तौर पर भी दर्ज है। यात्रियों की सूची में मौजूद संपर्क नंबरों को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
2 यात्री बताए जा रहे हैं लापता
सामने आई जानकारी के अनुसार हरिशरण गुप्ता, उम्र करीब 55 वर्ष, और उषा गुप्ता के बारे में फिलहाल उन्हें लापता बताया गया है। प्रशासन और पुलिस की ओर से यात्रियों की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है और उनके परिवारों से संपर्क किया जा रहा है।
पुलिस ने जली बस को कब्जे में लिया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई थी। करीब 15 यात्रियों को रेस्क्यू कर विशेष वाहन से महोबा भेजा गया, जबकि कुछ यात्री अपने निजी वाहनों से भी मौके से चले गए।
पुलिस ने जली हुई बस को कब्जे में ले लिया है। हादसा कैसे हुआ और आग लगने की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी जांच की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पीड़ित परिवारों और प्रभावित यात्रियों को हर संभव मदद उपलब्ध कराई जा रही है।