
आंध्र प्रदेश में कुर्सी की जंग खत्म हो चुकी है लेकिन वहां सत्ताधारी और मुख्य विपक्षी पार्टी के बीच अब फर्नीचर को लेकर नई जंग छिड़ गई है। हालिया विधानसभा चुनावों में YSRCP प्रमुख जगनमोहन रेड्डी को चंद्रबाबू नायडू की पार्टी टीडीपी से हार का सामना करना पड़ा है।
175 सदस्यीय विधानसभा में टीडीपी ने 135 सीटें जीतकर सत्ता में पांच साल बाद वापसी की है। सत्ता से बेदखल हुए पूर्व सीएम जगनमोहन रेड्डी पर टीडीपी ने ना केवल आम आदमी के पैसे से 500 करोड़ रुपये की लागत से पहाड़ी महल बनाने का आरोप लगाया है बल्कि फर्नीचर चोरी करने का भी आरोप लगाया है।
बता दें कि 2017 में उत्तर प्रदेश की सत्ता गंवाने के बाद लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास खाली करने वाले अखिलेश यादव पर भी टोंटी चुराने के आरोप लगाए गए थे। तब सीएम हाउस की कई तस्वीरें वायरल हुई थीं, जिसमें बड़े पैमाने पर तोड़फोड़ हुई थी और कई नल गायब मिले थे।
इसी तरह के आरोप आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी पर सत्ताधारी टीडीपी लगा रही है। आरोप है कि 5 साल तक आंध्र प्रदेश के सीएम रहे YSRCP प्रमुख जगनमोहन रेड्डी ने जनता के पैसे से विशाखापट्टनम में कैम्प कार्यालय के रूप में 500 करोड़ रुपये की लागत से एक महल का निर्माण करवाया है। टीडीपी ने अब आरोप लगाया है कि रेड्डी ने अपने कैम्प ऑफिस सह आवास में रखे महंगे फर्नीचर अपने पास रख लिए हैं, जो जनता की गाढ़ी कमाई के पैसों से खरीदी गई थी।
पांच साल पहले पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और टीडीपी नेता के सिवा प्रसाद राव को भी जगनमोहन रेड्डी की पार्टी के नेताओं ने इसी तरह फर्नीचर चोर करार दिया था। इतना ही नहीं राव के खिलाफ कई मुकदमे भी दर्ज किए गए थे। उनके बेटे के सिवाराम ने आरोप लगाया है कि इस तरह के आरोप राव तब बर्दाश्त नहीं कर पाए थे और सितंबर 2019 में उन्होंने आत्महत्या कर ली थी। जगनमोहन रेड्डी पर लगे नए आरोप उन्हीं आरोपों का एक तरह से बदला माना जा रहा है।
के सिवा प्रसाद राव पर आरोप लगाए गए थे कि 2014 में आंध्र प्रदेश के बंटवारे के बाद पहली बार विधानसभा स्पीकर बनने के बाद उन्होंने अपने इस्तेमाल के लिए फर्नीचर खरीदवाए थे लेकिन उन्होंने वे सारे फर्नीचर बेटे सिवाराम के शोरूम में भिजवा दिया है। ये आरोप जगनमोहन रेड्डी की पार्टी के नेताओं ने लगाए थे, जो 2029 में जीतकर पहली बार सत्ता में आए थे।
के सिवाराम ने भले ही पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी पर स्पष्ट आरोप लगाया हो और उन्हें फर्नीचर चोर करार दिया हो लेकिन सीएम चंद्रबाबू नायडू के बेटे और राज्य के आईटी मंत्री एन लोकेश ने पूर्व सीएम से पूछा है कि वो फर्नीचर कब लौटा रहे हैं। अनंतपुर से टीडीपी की महिला विंग की नेता तेजस्विनी ने इस बीच पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी के इशारे पर उनके सहयोगियों ने पूर्व स्पीकर सिवा प्रसाद राव पर आरोप लगाकर उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर किया था। इधर, जगनमोहन रेड्डी की पार्टी के नेता ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने पहले ही कहा है कि वो अपने परिसर में लगे सभी फर्नीचर का भुगतान करेंगे।