सिरोही (राजस्थान)। गौ हत्या के विरोध में बनी सामाजिक संदेश से भरपूर फिल्म ‘ऐकलो रबारी’ को राजस्थान के पूर्व मंत्री भूपेंद्र देवासी सहित अनेक संत-महंतों का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। यह फिल्म 9 जनवरी से साई लक्ष्मी सिनेमा, सिरोही में प्रदर्शित होने जा रही है।
फिल्म को रबारी और राजपूत समाज का भरपूर समर्थन मिल रहा है। सिरोही में रिलीज से पहले ही समाज के लोगों द्वारा ब्लॉक बुकिंग कराई जा रही है। इससे पहले यह फिल्म राजस्थान के बालोतरा और मुंबई के मालाड में प्रदर्शित हो चुकी है, जहां रबारी और राजपूत समाज ने अपने परिवारों के साथ बड़ी संख्या में फिल्म देखी और जोरदार समर्थन दिया। हजारों दर्शकों की उपस्थिति ने फिल्म की लोकप्रियता को साबित किया है।
राजस्थान की जनता की मांग पर अब यह फिल्म सिरोही में भव्य प्रदर्शन के साथ रिलीज की जा रही है। फिल्म के कलाकारों में गोपाल देसाई, राकेश पांडे, सुधा त्रिपाठी, परेश भट्ट, यामिनी जोशी, देव ठाकुर और सत्यनारायण शर्मा शामिल हैं। फिल्म के निर्माता गोपाल देसाई हैं, जबकि निर्देशन गोपाल देसाई और दिनेश राजपुरोहित ने किया है।
फिल्म के अभिनेता राकेश पांडे, जिन्होंने कई गुजराती और भोजपुरी फिल्मों में मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं, इस फिल्म के माध्यम से राजपूत समाज की आवाज़ को बुलंद करते नजर आते हैं। उनका कहना है कि ‘एकलो रबारी’ सामाजिक संदेश के साथ-साथ गौ हत्या के विरोध में एक सशक्त और अनोखी पहल है, जो समाज में गौ माता की रक्षा का संदेश देती है।
वहीं निर्माता, अभिनेता और निर्देशक गोपाल देसाई का कहना है कि उनका उद्देश्य समाज में गौ हत्या के खिलाफ जागरूकता फैलाना और रबारी समाज की आवाज़ को मजबूती देना रहा है। फिल्म में परेश भट्ट और यामिनी जोशी की दमदार अदाकारी को खास सराहना मिल रही है। सभी कलाकारों को उम्मीद है कि यह फिल्म दर्शकों को पसंद आएगी और अपने सामाजिक संदेश के साथ व्यापक प्रभाव छोड़ेगी।