CSDS ने माफी मांगकर डिलीट किया विवादित ट्वीट, कांग्रेस पर BJP का पलटवार

नई दिल्ली। महाराष्ट्र चुनाव को लेकर दिए गए अपने बयान पर CSDS के कोऑर्डिनेटर संजय कुमार ने माफी मांग ली है। उन्होंने अपना ट्वीट डिलीट करते हुए साफ किया कि आंकड़ों की तुलना में गलती हुई थी। इस पर बीजेपी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि विपक्ष ने चुनाव आयोग को बदनाम करने की कोशिश की।

संजय कुमार ने मांगी माफी

संजय कुमार ने कहा,
“मैं महाराष्ट्र चुनावों के संबंध में पोस्ट किए गए ट्वीट्स के लिए ईमानदारी से माफी मांगता हूं। 2024 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों के आंकड़ों की तुलना करते समय गलती हुई। हमारी डेटा टीम ने रॉ में दिए गए आंकड़ों को गलत पढ़ा था। ट्वीट को अब हटा दिया गया है। मेरा किसी भी तरह की गलत सूचना फैलाने का कोई इरादा नहीं था।”

उन्होंने पहले दावा किया था कि नासिक पश्चिम और हिंगना सीटों पर वोटर्स की संख्या क्रमशः 47% और 43% बढ़ी, जबकि रामटेक और देवलाली सीटों पर 38% और 36% की गिरावट आई है।

बीजेपी का कांग्रेस पर हमला

संजय कुमार की माफी के बाद बीजेपी ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस ने झूठ फैलाकर चुनाव आयोग पर निशाना साधा।
बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने कहा, “जिस संस्थान का सहारा लेकर राहुल गांधी ने लोकसभा में आरोप लगाए थे, उसने ही मान लिया है कि उसके आंकड़े गलत थे। अब राहुल गांधी और कांग्रेस कहां हैं? क्या वे माफी मांगेंगे?”

बीजेपी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष ने 40 घंटे तक लोकतंत्र और चुनाव आयोग पर अविश्वास फैलाया। उन्होंने पूछा कि जनता के विश्वास को ठेस पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन लेगा।

विपक्ष का आरोप बरकरार

संजय कुमार की माफी ऐसे समय में आई है जब विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कर्नाटक के महादेवपुरा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए चुनावों में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया। विपक्ष का कहना है कि आयोग भाजपा के पक्ष में काम कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *