वॉशिंगटन। अलास्का में अमेरिका-रूस शांति वार्ता के बाद यूक्रेन ने अमेरिका के सामने 100 अरब डॉलर का बड़ा रक्षा पैकेज पेश किया है। इस प्रस्ताव को अमेरिकी सुरक्षा गारंटी से जोड़ते हुए यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात में यह डील रखने की बात कही। रिपोर्ट्स के अनुसार इस पैकेज की फंडिंग यूरोपीय देश करेंगे।
जेलेंस्की ने क्या रखा प्रस्ताव?
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, कीव ने अमेरिकी कंपनियों के साथ संयुक्त ड्रोन उत्पादन के लिए 50 अरब डॉलर का अलग सौदा भी सुझाया है। दस्तावेज में कहा गया है कि “यूक्रेन 100 अरब डॉलर के अमेरिकी हथियार खरीदेगा, जिसके लिए यूरोपीय देश फंड उपलब्ध कराएंगे। इसके बदले में यूक्रेन ने अमेरिका से सुरक्षा गारंटी मांगी है।”
पैट्रियट सिस्टम और मिसाइलों की मांग
यूक्रेनी अधिकारियों ने हथियारों की पूरी सूची साझा नहीं की, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्हें कम से कम 10 पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम, अतिरिक्त मिसाइलें और अन्य आधुनिक सैन्य उपकरणों की ज़रूरत है, ताकि शहरों और अहम बुनियादी ढांचे को सुरक्षित किया जा सके।
ट्रंप का आश्वासन
अलास्का समिट के कुछ दिन बाद व्हाइट हाउस में यूरोपीय सहयोगियों के साथ हुई हाई-प्रोफाइल बैठक में ट्रंप ने जेलेंस्की को भरोसा दिलाया कि रूस के साथ होने वाले किसी भी अंतिम शांति समझौते में वाशिंगटन यूक्रेन की सुरक्षा गारंटी देने की भूमिका निभाएगा।
पुतिन ने की थी ट्रंप की तारीफ
इससे पहले अलास्का में ट्रंप और पुतिन की मुलाकात में भले ही कोई ठोस नतीजा नहीं निकला, लेकिन माहौल सकारात्मक बताया गया। पुतिन ने कहा था कि “अगर ट्रंप 2022 में व्हाइट हाउस में होते तो यूक्रेन युद्ध नहीं होता।”
ट्रंप ने भी पुतिन को धन्यवाद देते हुए कहा, “हम आपसे बहुत जल्द बात करेंगे,” जिस पर पुतिन ने अंग्रेज़ी में जवाब दिया— “अगली बार मॉस्को में।”