भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान (ISRO) के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता ने जहां पूरी दुनिया में भारत की अंतरिक्ष में बढ़ती शक्ति का लोहा मनवाया है, वहीं अब भारतीय नौसेना ने समंदर में भारत की धाक का परिचय दिया है।
महीनेभर के अंदर ऐसा दूसरी बार हुआ है, जब भारतीय नौसेना ने समुद्री लुटेरों पर स्ट्राइक कर वाणिज्यिक जहाज को अगवा होने से बचाया है।
भारतीय नौसेना के विशिष्ट समुद्री कमांडो ‘मार्कोस’ ने शुक्रवार को उत्तरी अरब सागर में लाइबेरिया के ध्वज वाले एक वाणिज्यिक जहाज के अपहरण को नाकाम कर दिया है। इसके साथ ही नेवी ने 15 भारतीयों समेत चालक दल के सभी 21 सदस्यों को सफलतापूर्वक बचा लिया है। इस जहाज को पांच-छह हथियारबंद समुद्री लूटेरों ने सोमालिया के पास अगवा करने की कोशिश की थी। भारतीय नौसेना ने त्वरित एक्शन लेते हुए इस कोशिश को विफल कर दिया।
‘एमवी लीला नॉरफॉक’ नाम के इस जहाज के हाईजैक होने की खुबर गुरुवार की शाम मिली थी। इसके तुरंत बाद नौसेना ने एमवी लीला नॉरफोक की मदद के लिए एक युद्धपोत, समुद्री गश्ती विमान, हेलीकॉप्टर और पी-8आई और लंबी दूरी के विमान और प्रीडेटर एमक्यू9बी ड्रोन तैनात कर दिए।