Border 2 Trailer: सनी देओल की दहाड़ से फिर कांपे दुश्मन, रोंगटे खड़े कर देगा 1971 की जंग पर बना ये वीडियो

‘गदर 2’ की ऐतिहासिक सफलता के बाद बॉलीवुड के एक्शन स्टार सनी देओल अब अपनी 1997 की कल्ट क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ का सीक्वल लेकर आ रहे हैं. 15 जनवरी को ‘आर्मी डे’ (Army Day) के गौरवपूर्ण अवसर पर मेकर्स ने ‘बॉर्डर 2’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है. ट्रेलर इतना प्रभावशाली है कि इसे देखते ही दर्शकों की रगों में देशभक्ति का ज्वार उठने लगता है. 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की पृष्ठभूमि पर बनी इस फिल्म में युद्ध के दृश्यों और संवादों ने फैंस के बीच जबरदस्त एक्साइटमेंट पैदा कर दी है.

फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इस बार सनी देओल अकेले नहीं, बल्कि फौज की एक नई टुकड़ी के साथ नजर आएंगे. फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वरुण धवन और अहान शेट्टी जैसे सितारे मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि फीमेल लीड में मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा दिखाई देंगी. यह फिल्म परमवीर चक्र विजेता मेजर होशियार सिंह की वास्तविक वीरता पर केंद्रित है और यह किरदार वरुण धवन निभा रहे हैं. फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है, जबकि निर्माण भूषण कुमार और जेपी दत्ता की टीम ने किया है.

सनी देओल ने ट्रेलर रिलीज से पहले सोशल मीडिया पर माहौल बना दिया था. उन्होंने अपने एक्स (X) अकाउंट पर पोस्ट करते हुए लिखा था, “इस कहानी से बड़ी कोई और कहानी नहीं, इस जीत से बड़ा कोई और जश्न नहीं. बॉर्डर 2 का ट्रेलर आज, 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी बॉर्डर 2.” इसके अलावा, ट्रेलर लॉन्च से एक रात पहले यानी 14 जनवरी को सनी ने नौसेना के जवानों के साथ समय बिताया और सेल्फी शेयर करते हुए लिखा, “हिंदुस्तान मेरी जान, मेरी आन, मेरी शान, हिंदुस्तान, गर्व, सम्मान और वीरता.”

फिल्म के टीजर ने पहले ही 16 दिसंबर, 2025 (विजय दिवस) पर धूम मचा दी थी और अब तक फिल्म के ‘संदेशे आते हैं’ समेत चार गाने रिलीज किए जा चुके हैं. फैंस का इंतजार अब खत्म होने वाला है क्योंकि ‘बॉर्डर 2’ गणतंत्र दिवस के लंबे वीकेंड का फायदा उठाते हुए 23 जनवरी, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी. मेकर्स का दावा है कि यह फिल्म न सिर्फ पुरानी लीगेसी का सम्मान करती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी भारतीय सेना के शौर्य से रूबरू कराएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *