गोंडा। उत्तर प्रदेश की सियासत में एक दिलचस्प बयान सामने आया है। बीजेपी सांसद और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री आजम खान को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आजम खान बीजेपी में आना चाहें तो उनका स्वागत है।
आजम खान पर दिया बयान
गोंडा के नंदनी नगर में गुरुवार (25 सितंबर) से शुरू हुए तीन दिवसीय सांसद खेल महोत्सव का उद्घाटन करण भूषण सिंह ने किया। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “आजम खान की रिहाई हुई है, अगर वो बीजेपी में आना चाहें तो स्वागत है और हम उनका स्वागत करेंगे।”
करण भूषण का यह बयान यूपी की सियासत में नई चर्चा को जन्म दे रहा है।
खेलों पर पीएम मोदी की पहल की तारीफ
कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह ने खेलों को लेकर कहा, “मैं खुद एक खिलाड़ी हूं और खेलता रहता हूं। मेरे पिताजी भी खेल को बढ़ावा देते रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी खेलों को महत्व और बढ़ावा दे रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर से निकलने वाली खेल प्रतिभाओं को प्रधानमंत्री का फिट इंडिया सपना मजबूती देगा। “जो प्रतिभाएं आगे बढ़ेंगी, वो देश के बाहर भी जाएंगी। सभी फिट रहें और टीम वर्क बना रहे।”
विपक्ष पर साधा निशाना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए करण भूषण सिंह ने कहा, “ये लोग दूसरा खेल खेल रहे हैं। संसद के अंदर और बाहर सिर्फ राजनीति का खेल होता है। अब तक ना पीएम मोदी पर कोई दाग लगा है और ना बीजेपी पर। विपक्ष सिर्फ घेरने का बहाना ढूंढता है और चुनावी राजनीति कर रहा है।”