I Love मोहम्मद विवाद पर अखिलेश यादव का बड़ा हमला, बोले – अपराधी, पुलिस और बीजेपी एक ही तिगड़ी

लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार (25 सितंबर) को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कई अहम मुद्दों पर बयान दिए। इस दौरान उन्होंने “I Love मोहम्मद” विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी और केंद्र व राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।

अखिलेश यादव बोले – अपराधी, पुलिस और बीजेपी एक साथ

अखिलेश यादव ने कहा कि “ये मामला बेहद संवेदनशील है, हमें इसकी जड़ तक जाना होगा। आजकल पुलिस अपहरण कर रही है। अपराधी, पुलिस और बीजेपी एक हैं, ये तिगड़ी मिलकर लोगों को परेशान कर रही है। अगर सब ‘आई लव यू’ कह दें तो मामला शांत हो जाएगा।”

सपा मुखिया ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार अपराधियों के साथ मिलकर समाज को गुमराह कर रही है।

जाति और आरक्षण पर निशाना

योगी सरकार के जाति आधारित फैसलों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जाति हमारा पहला इमोशनल कनेक्ट है। उन्होंने कहा, “आरक्षण जाति के आधार पर मिला है। मंडल कमीशन की प्रस्तावना में भी यही बात लिखी गई थी। बीजेपी पीडीए की एकता से डरी हुई है, इसलिए मुद्दे बदलने की कोशिश कर रही है।”

अखिलेश ने आगे कहा कि हरिजन एक्ट भी इसी आधार पर बना है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिसने मंदिर को गंगाजल से धुलवाया, उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई? “जब तक इस भेदभाव को माना नहीं जाएगा, हमारी लड़ाई जारी रहेगी।”

नोएडा इंटरनेशनल ट्रेड शो और किसानों का मुद्दा

प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने नोएडा इंटरनेशनल ट्रेड शो पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि अमेरिका ने हाल ही में टैरिफ लगाया है, लेकिन इस पर सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

सपा अध्यक्ष ने कहा, “नोएडा दिल्ली का किनारा है, यहां दुनिया के तमाम लोग रहते हैं। लेकिन यहां के किसानों के साथ धोखा हो रहा है। विकास के नाम पर किसानों की जमीन छीनी जा रही है। उनकी खुशहाली छीनी जा रही है। हम सर्कल रेट बढ़ाकर किसानों की मदद करेंगे और उनका हक दिलाएंगे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *