CM योगी के AI Video पर घमासान! BJP ने अखिलेश यादव से मांगी माफी, कहा- सनातन का हुआ अपमान

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सोशल मीडिया वार और तेज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के AI जनरेटेड वीडियो को लेकर बीजेपी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी ने वीडियो को सनातन धर्म का अपमान बताते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर बीजेपी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनीत शारदा ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस तरह का वीडियो तैयार करना बेहद आपत्तिजनक है। शारदा ने आरोप लगाया कि इस तरह की राजनीति से समाजवादी पार्टी के राजनीतिक स्तर का पता चलता है और उन्होंने इसे सपा की ‘नीच हरकत’ करार दिया।

BJP ने अखिलेश यादव से मांगी सार्वजनिक माफी

विनीत शारदा ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल किसी राजनीतिक दल के नेता नहीं हैं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को सनातन धर्म का प्रतीक बताते हुए उनके इस तरह के AI वीडियो को बेहद आपत्तिजनक बताया।

बीजेपी नेता ने मांग की कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगें। साथ ही उन्होंने वीडियो को सपा के सोशल मीडिया हैंडल से तत्काल हटाने की भी मांग की है।

कैसे शुरू हुआ BJP-Samajwadi Party का AI Video War?

दरअसल, यूपी चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सोशल मीडिया पर AI वीडियो को लेकर नया विवाद शुरू हुआ है। बीजेपी की ओर से पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का AI वीडियो बनाकर उनकी पार्टी की सरकार के कार्यकाल को लेकर निशाना साधा गया था। इसके जवाब में समाजवादी पार्टी ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर एक AI वीडियो जारी किया।

अखिलेश यादव ने लखनऊ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह वीडियो भी दिखाया। सपा की ओर से जारी किए गए वीडियो में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवा कपड़ों में चिलम पीते हुए दिखाया गया है।

वीडियो के जरिए समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर के लिए चंदा, स्कूल बंद किए जाने, बेरोजगारी और महिलाओं की सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, बीजेपी ने इसी वीडियो को सनातन धर्म का अपमान बताते हुए समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा है।

अब AI वीडियो को लेकर दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच सोशल मीडिया पर जारी यह टकराव किस दिशा में जाता है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *