
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार रात मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो किया। इस दौरान पीएम खुले रथ में सवार थे और उनके हाथ में भाजपा का चुनाव चिन्ह कमल का फूल भी रहा।
वे लगातार जनता का अभिवादन स्वीकार करते हुए बढ़ रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के अलावा भोपाल से भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा भी उनके साथ रथ में मौजूद रहे।
यह रोड शो करीब 30 मिनट तक चला। इस दौरान पीएम ने मालवीय नगर तिराहे से न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पम्प तक 1.2 किलोमीटर की दूरी तय की। रास्ते में दोनों तरफ जनता की भारी भीड़ मौजूद रही, जो कि पीएम के स्वागत करने और उनकी एक झलक पाने के लिए बेकरार दिखी। लोग फूल बरसाते हुए पीएम का स्वागत करते रहे। मध्य प्रदेश में प्रधानमंत्री का ये दूसरा रोड शो रहा। इससे पहले 7 अप्रैल को मोदी ने जबलपुर में रोड शो किया था।
हाथ में कमल का फूल लेकर कर रहे अभिवादन
रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री हाथ में केवल कमल का फूल लिए रहे। प्रचार की इस यूनिक शैली का मतलब बताते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंगलवार को कहा था कि पीएम इस तरह बिना कुछ भी कहे पार्टी की बात जन-जन तक पहुंचा देते हैं। वोट की इस मौन अपील का फायदा ये होता है कि आमसभा के लिए जो व्यवस्थाएं हेाती हैं, उन सब परेशानियों से बच सकते हैं। इसी क्रम में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के इस प्रयोग से बाकी पार्टियों को भी सीखना चाहिए।
रोड शो का मार्ग पूरी तरह से भगवामय है। सड़क की दोनों तरफ भगवा रंग से की गई सजावट नजर आ रही है।
प्रधानमंत्री भी पूरे उत्साह के साथ उनके स्वागत और उन्हें एक झलक देखने के लिए खड़ी लोगों की भीड़ का अभिवादन कर रहे हैं।
बहुत से लोग भगवा साफा बांधकर रोड शो में पीएम मोदी का अभिवादन करने पहुंचे।


प्रधानमंत्री मोदी रोड शो के दौरान कभी हाथ हिलाकर तो कभी दोनों हाथ जोड़कर लगातार जनता का अभिवादन कर रहे थे। लोगों ने भी फूल बरसाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। मोदी के रोड शो के रूट पर दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। वे पीएम मोदी की तस्वीरें खींचते रहे। जगह-जगह स्वागत मंच भी बनाए गए थे।
सीएम बोले- उम्मीद है मोदीजी इस दिन को कभी नहीं भूलेंगे
रोड शो खत्म होने के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि ‘पूरे प्रदेश में मैसेज गया है, मोदी जी की प्रसन्नता बता रही है, जनता का उत्साह और उमंग बता रहा है कि पूरा प्रदेश मोदीमय हुआ है, देश का दिल मध्य प्रदेश और मध्य प्रदेश का दिल भोपाल, राजधानी में जिस प्रकार से प्रधानमंत्री जी का रोड शो हुआ है, भूतो न भविष्यति, ऐसा रोड शो कभी हुआ नहीं। मेरी अपनी ओर से और मध्य प्रदेश सरकार की ओर से यशस्वी प्रधानमंत्री जी को बधाई। उम्मीद करता हूं कि मोदी जी इस दिन को कभी नहीं भूलेंगे, जिस प्रकार से स्वागत हुआ है।’
इस महीने पीएम का पांचवां MP दौरा
बीते 18 दिनों में राज्य में प्रधानमंत्री का यह पांचवां दौरा रहा। इससे पहले वे सात अप्रैल को जबलपुर, 9 अप्रैल को बालाघाट, 14 अप्रैल को नर्मदापुरम, 19 अप्रैल को दमोह और 24 अप्रैल यानी आज पांचवीं बार राज्य में आ रहे हैं। इसके साथ ही राज्य में सर्वाधिक बार आने वाले प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड उनके नाम पर बन गया है। आज उन्होंने सागर और बैतूल में चुनावी सभा की और इसके बाद भोपाल में रोड शो किया।
बता दें कि भोपाल संसदीय सीट पर तीसरे चरण में 07 मई को मतदान होगा। भोपाल लोकसभा सीट पर भाजपा सन् 1989 से जीतती आ रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, भोपाल लोकसभा क्षेत्र में 23,29,892 मतदाता हैं।
पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की कुल 29 लोकसभा सीट में से भाजपा ने 28 पर जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस ने केवल छिंदवाड़ा संसदीय सीट जीती थी। ऐसे में इस लोकसभा चुनाव में भाजपा का लक्ष्य राज्य में सभी 29 सीटें जीतना है।