भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए अब तक 402 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। वहीं बड़ी संख्या में सांसदों के टिकट कटे भी हैं। भाजपा ने टीवी स्क्रीन के भगवान राम अरुण गोविल को मेरठ और कंगना रनौत हिमाचल के मंडी से चुनाव में उतारा है।वहीं अब तक उत्तर प्रदेश में भाजपा ने 64 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया है। अब तक जारी सूची में साफ देखा जा सकता है कि पुराने सिपहसालारों की जगह भाजपा ने बड़ी संख्या में नए चेहरों पर भी भरोसा जताया है।
इन बड़े नेताओं का कटा टिकट
भाजपा ने कई दिग्गज नेताओं का भी टिकट काट दिया है। इसमें गाजियाबाद से सांसद रहे पूर्व आर्मी चीफ वीके सिंह और बक्सर से अश्विनी चौबे का नाम शामिल है। वरुण गांधी पीलिभीत से भाजपा के निवर्तमान सांसद हैं। इस सीट पर इस बार यूपी सरकार में मंत्री और कांग्रेस के पूर्व नेता जितिन प्रसाद को उतारा गया है। जितिन प्रसाद भाजपा के बड़े ब्राह्मण चेहरों में से एक हैं। वहीं वरुण गांधी की मां मेनका गांधी का टिकट नहीं काटा गया है। वह सुल्तानपुर से चुनाव लड़ेंगी।
लास्ट मिनट भाजपा में आने वालों को भी मिला मौका
पश्चिम बंगाल मे भाजपा ने दिलीप घोष की सीट मेदिनीपुर से बदलकर बर्धमान दुर्गापुर करदी है। अब मेदिनीपुर सीट से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल चुनाव लड़ेंगी। वहीं आखिरी पलों में भाजपा जॉइन करने वालों को भी चुनाव में उतार दिया गया है। कलकत्ता हाई कोर्ट के पूर्व जज अभिजीत गंगोपाध्याय तुमलुक से चुनाव लड़ेंगे। उद्योगपति नवीन जिंदल को कुरुक्षेत्र से टिकट दिया गया है। वहीं हरियाणा सरकार में मंत्री रंजीत चौटाला हिसार से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा की सूची आने से ठीक पहले इन्होंने पार्टी का दामन थामा था।
टीएमसी से भाजपा में आने वाले तपस रॉय कालकाता उत्तर से चुनाव लड़ेंगे। वहीं दुमका से सीता सोरेन को उम्मीदवार बनाया गया है। सीता सोरेन झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरने की भाभी हैं। भाजपा में वापसी करने वाले अर्जुन सिंह को बैरकपुर से टिकट दिया गया है। बिहार की बात करें तो ज्यादा टिकट नहीं काटे गए हैं। यहां पुराने नेताओँ जैसे रविशंकर प्रसाद, आरके सिंह, गिरिराज सिंह, राम कृपाल यादव, नित्यानंद राय, राजीव प्रताप रूड़ी. संजय जैसवाल और राधा मोहन सिंह को फिर से उतारा गया है।
जेडीयू और एलजेपी से सीट शेयरिंग पर फाइनल बात होने के बाद भाजपा ने लिस्ट जारी की है। वहीं भाजपा ने वायनाड सीट से राहुल गांधी के खिलाफ राज्य में पार्टी अध्यक्ष के सुरेंद्रन को टिकट दिया है। बात करें ओडिशा की तो यहां बीजेडी के साथ लंबी बातचीत के बाद भी गठबंधन पर सहमति नहीं बन पाई। भाजपा ने ओडिशा की 21 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। इनमें संबित पात्रा और अपराजिता सारंगी का भी नाम शामिल है। बता दें कि संबित पिछली बार चुनाव हार गए थे।
वहीं पश्चिम बंगाल में भाजपा ने कृष्णानगर सीट पर राजमाता अमृता रॉय को महुआ मोइत्रा के खिलाफ उतारकर लड़ाई रोचक कर दी है। भाजपा ने बशीरहाट से संदेशखाली की पीड़िता और शेख शाहजहां के खिलाफ शिकायत करने वाली रेखा पात्रा को टिकट दिया है।