अपना चेहरा न पोंछा गया आपसे…, कोडीन सिरप कांड पर अखिलेश का CM योगी को शायराना जवाब, बोले- कोडीन भैया पर चलाओ बुलडोजर

उत्तर प्रदेश में कोडीन कफ सिरप घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग अब शायरी और ‘बुलडोजर’ की चुनौती तक पहुंच गई है। शनिवार (20 दिसंबर) को लखनऊ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के ‘आईना’ वाले तंज पर पलटवार करते हुए सरकार पर इस महाघोटाले को छिपाने का आरोप लगाया। उन्होंने साफ कहा कि अगर आरोपी सपा से जुड़े हैं, तो सरकार उन पर बुलडोजर चलाने से क्यों कतरा रही है?

शायरी से पलटवार: “आईना बेवजह तोड़कर रख दिया”

बता दें कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कफ सिरप मामले में सपा का कनेक्शन जोड़ते हुए तंज कसा था कि “धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा।” इस पर अखिलेश यादव ने आज उसी अंदाज में जवाब देते हुए कहा:

“अपना चेहरा न पोंछा गया आपसे, आईना बेवजह तोड़कर रख दिया।”

अखिलेश ने आगे पढ़ा, “यही कसूर रहा इनका दिखाने को औरों के बच्चे गोद में खिलाते रहे..पर पैसों के लालच में दूसरे बच्चों की जान दांव पर लगाते रहे। यही कसूर रहा इनका, ये अपनों को हर हाल में बचाते रहे, उनके गुनाह छिपाते रहे। जब खुलने लगे राज इनके तो दूसरों पर इल्ज़ाम लगाते रहे।”

“मेरी तस्वीर तो मुख्यमंत्री के साथ भी है, क्या वो भी माफिया हैं?”

कोडीन मामले के आरोपियों के साथ तस्वीर वायरल होने पर अखिलेश यादव ने तार्किक सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में फोटो होना किसी के अपराधी होने का प्रमाण नहीं है। सपा अध्यक्ष ने कहा:

“अगर मेरे साथ खड़ा होने वाला ही माफिया है, तो मेरी तस्वीर तो मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के साथ भी है। मेरी तस्वीर तो ‘दूसरे हाफ’ (विपक्ष की ओर इशारा) के साथ भी है। अब आप ही बताएं कि इनमें से कौन माफिया लगता है?”

पीएम के क्षेत्र से चल रहा था अंतरराष्ट्रीय रैकेट

अखिलेश यादव ने इस घोटाले की गंभीरता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह मामला महज 100-200 करोड़ का नहीं, बल्कि हजारों करोड़ का अंतरराष्ट्रीय रैकेट है। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र (वाराणसी) से इतना बड़ा अवैध कारोबार फल-फूल रहा था और सरकार को भनक तक नहीं लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जब जांच की आंच सरकार के करीबियों तक पहुंचने लगी, तो ध्यान भटकाने के लिए पुरानी तस्वीरें दिखाई जाने लगीं।

‘कोडीन भैया’ पर बुलडोजर चलाने की चुनौती

अखिलेश यादव ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि अगर इस मामले के तार समाजवादियों से जुड़े हैं, तो मुख्यमंत्री कार्रवाई करने में देरी क्यों कर रहे हैं? उन्होंने कहा:

“मैं समाजवादी पार्टी की ओर से मांग कर रहा हूं कि जो भी आरोपी सपा से जुड़ा है, चाहे वो कालीन भैया हों या ‘कोडीन भैया’, उन सब पर बुलडोजर चलना चाहिए। जिन्होंने हजारों करोड़ का खेल कर बच्चों की जान से खिलवाड़ किया है, उन पर सख्त कार्रवाई हो।”

सपा अध्यक्ष ने अंत में चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का ‘खिलौना बुलडोजर’ इस बार अपने ही लोगों को देखकर रुक गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *