UP News: अखिलेश यादव ने BJP को बताया ‘राष्ट्र विवादी पार्टी’, बोले- इंडिगो ने सरकार को झुका दिया

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला है। सपा चीफ अखिलेश यादव ने बीजेपी को राष्ट्रवादी नहीं, बल्कि ‘राष्ट्र विवादी पार्टी’ बताया है। अखिलेश यादव के इस बयान से यूपी का सियासी पारा गरमा गया है।

‘राष्ट्र विवादी पार्टी’ क्यों?

पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने बीजेपी पर विवाद पैदा करने का आरोप लगाते हुए कहा, “भारतीय जनता पार्टी अपने आप राष्ट्रवादी पार्टी बोलते हैं लेकिन राष्ट्र विवादी पार्टी है। जहां विवाद करना हो वहां इनके (बीजेपी) लोग सबसे आगे रहते हैं।”

इंडिगो संकट और महंगी हवाई यात्रा पर घेरा

अखिलेश यादव ने हाल ही में हुए इंडिगो फ्लाइट कैंसिलेशन संकट और हवाई किराए में मनमानी बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार दावा करती है कि चप्पल पहनने वाला भी हवाई जहाज में बैठ सकता है, लेकिन अब इतने महंगे टिकट में जूते पहनने वाले भी नहीं बैठ सकते।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “सनातन धर्म के सबसे बड़े आयोजन महाकुंभ के समय में भी लोगों के महंगे टिकट खरीदने पड़े थे।”

इंडिगो द्वारा DGCA का आदेश नहीं मानने पर अखिलेश यादव ने कहा, “डॉ. राम मनोहर लोहिया जी ने कहा था कि कैपिटलिस्ट किल्स कैपिटलिस्ट और जब पूंजीवादी हावी हो जाएंगे सरकार पर तो ऐसा ही होगा।”

वंदे मातरम् पर कहा- गाने से ज्यादा निभाने की जरूरत

संसद में वंदे मातरम् के 150 साल पूरे होने पर होने वाली चर्चा पर अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला। सपा चीफ ने कहा कि, “गाने से ज्यादा निभाने की जरूरत है, गाने के साथ-साथ हमें निभाना भी चाहिए।”

उन्होंने सवाल उठाया कि संविधान में और भी ऐसे कई मामले हैं जिन्होंने देश को एक रास्ता दिखाया है, लेकिन सामाजिक न्याय की दिशा में हम कितना आगे बढ़ पाए हैं?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *