2027 के चुनाव के लिए अखिलेश यादव ने अभी से कसी कमर, नवनिर्वाचित सांसदों के साथ की मीटिंग

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि लोकसभा के चुनाव परिणामों ने सांप्रदायिकता को सदैव के लिए महत्वहीन कर दिया है। भाजपा की मनमर्जी के खिलाफ जनता की मर्जी की जीत हुई है। अब हमें यूपी में अपनी सरकार बनानी है।अब हमें साल 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी करनी होगी। इसके लिए सभी लोग अभी से जुट जाएं।अखिलेश यादव ने यह बातें अपने नवनिर्वाचत सांसदों की बैठक में कहीं। बैठक में मैनपुरी से निर्वाचित डिंपल यादव और राज्यसभा सांसद राम गोपाल यादव व पूर्व सांसद उदय प्रताप सिंह और शिवपाल खास तौर पर मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने आज सभी नवनिर्वाचित सांसदों को जीत की बधाई दी। कहा कि पीडीए की रणनीति काम कर गई। भाजपा की नकारात्मक व नफरत की सियासत हार गई। हमारे सभी सांसदों ने बहुत परिश्रम किया है। इस भीषण गर्मी में लगातार राहत-दिन मेहनत की है, जिससे परिणाम अच्छा रहा। हमने जनता के मुद्दे उठाए और जनता ने समझा। आज समाजवादी पार्टी सबसे ज्यादा सीट जीतकर देश की तीसरे नम्बर की पार्टी बन गई है। पार्टी को बड़े पैमाने पर जनता का समर्थन मिलने से हमारी जिम्मेदारी बहुत बढ़ गई है। जनता की समस्याओं का उठाना, उनके हित में अपनी बात रखना समाजवादियों का संघर्ष लोकसभा में जारी रहेगा। सकारात्मक राजनीति का दौर शुरू हुआ है। जनता के मुद्दों की जीत हुई है। समाजवादी पार्टी का जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रहेगा।

अखिलेश यादव ने कहा कि यह एक पड़ाव है। समाजवादी पार्टी की लड़ाई लंबी है। भाजपा सत्ता का दुरूपयोग करने को अपना अधिकार मानती है। भाजपा विपक्ष से नफरत करती है और उसके नेताओं का उपहास उड़ाती है। उन्हें फर्जी मुकदमों में फंसाती है। भाजपा का काम समाज में दूरी पैदा करना और समाज में नफरत फैलाना है। भाजपा गैंग की तरह काम करती है। यह एक संगठित गैंग है जिसका जनसरोकारों से कोई लेना देना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *