भारत दौरे पर आए चीन के विदेश मंत्री वांग यी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल के बीच मंगलवार को नई दिल्ली में महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने सीमा पर शांति, सौहार्द और आगामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चीन यात्रा को लेकर विस्तृत बातचीत की।
डोभाल बोले – “सीमा पर शांति और सौहार्द बना हुआ है”
एनएसए अजीत डोभाल ने बैठक में कहा,
“एक सकारात्मक रुख देखने को मिला है। सीमा पर शांति है, सौहार्द बना हुआ है। हमारे द्विपक्षीय संबंध और भी मजबूत हुए हैं। हमारे नेताओं ने पिछले अक्टूबर में कजान में जो नया रुख स्थापित किया, उससे हमें काफी फायदा हुआ है।”
उन्होंने उम्मीद जताई कि 24वीं विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता भी पिछली तरह सफल होगी। डोभाल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जल्द ही एससीओ शिखर सम्मेलन के लिए चीन जाएंगे, ऐसे में यह बातचीत बेहद महत्वपूर्ण है।
वांग यी ने पीएम मोदी की यात्रा को बताया अहम
चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने कहा कि नई दिल्ली में विशेष प्रतिनिधि स्तर की यह वार्ता सकारात्मक संकेत देती है। उन्होंने कहा,
“पिछले कुछ वर्षों में जो असफलताएं आईं, वे दोनों देशों की जनता के हित में नहीं थीं। लेकिन पिछले साल अक्टूबर में राष्ट्रपति शी जिनपिंग और प्रधानमंत्री मोदी की कजान में हुई बैठक ने हमारे संबंधों को नई दिशा दी। सीमाओं पर स्थिरता देखकर हमें खुशी हो रही है।”
वांग यी ने पीएम मोदी की चीन यात्रा को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा,
“हम इस यात्रा को बहुत महत्व देते हैं। यह हमारे न्योते पर हो रही है। हमारा मानना है कि भारत भी तियानजिन में सफल शिखर सम्मेलन में योगदान देगा। चीन-भारत के स्वस्थ और स्थिर रिश्ते हमारे दोनों देशों के दीर्घकालिक हित में हैं।”
दोनों पक्षों ने सहयोग पर दिया जोर
वांग यी ने कहा कि दोनों देशों को अपने नेताओं के रणनीतिक मार्गदर्शन पर चलना चाहिए और सीमा विवाद के समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। वहीं डोभाल ने भारत-चीन के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने पर इसे एक नए अवसर के रूप में पेश किया और कहा कि यह जश्न मनाने का समय है।