
दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बीते कई दिनों से व्याप्त जल संकट का कोई समाधान नहीं निकलने के बाद दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने कल (शुक्रवार 21 जून) से अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठने की घोषणा की है।
इस बारे में गुरुवार शाम को एक वीडियो जारी करते हुए आतिशी ने कहा कि जब तक दिल्ली की जनता को हरियाणा से अपने हिस्से का पानी नहीं मिल जाता तब तक के लिए मैं अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ रही हूं।
आतिशी ने कहा कि मैं 28 लाख लोगों के लिए सत्याग्रह करूंगी। उन्होंने बताया कि अनशन पर बैठने से पहले वे राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगी। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने हमें सिखाया है कि सच्चाई की लड़ाई लड़ने का आखिरी रास्ता सत्याग्रह ही होता है।
अपने वीडियो संदेश में आतिशी ने कहा, ‘दिल्ली में इस साल भीषण गर्मी पड़ी है, दिन का तापमान 47 डिग्री से भी ज्यादा रहा है, इतनी गर्मी में लोगों को ज्यादा पानी की जरूरत होती है, उन्हें ज्यादा प्यास लगती है। लेकिन ऐसे समय में जब दिल्ली वालों को ज्यादा पानी की जरूरत थी, दिल्ली में पानी की कमी हो गई। आखिर क्यों हुई है दिल्ली में ये पानी की कमी।’
आगे पानी की कमी की वजह बताते हुए आतिशी ने कहा, ‘दिल्ली में प्रतिदिन कुल 1005 MGD (मिलियन गैलन) पानी की जरूरत होती है। जिसमें से हरियाणा से 613 MGD पानी दिल्ली आता है लेकिन पिछले दो हफ्ते से हरियाणा सरकार 513 MGD पानी ही दे रही है, यानी 100 मिलियन गैलन पानी प्रतिदिन कम आ रहा है। इतने पानी से दिल्ली के 28 लाख लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। आज ये 28 लाख लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।’
आगे अपनी तरफ से की गई कोशिशों के बारे में बताते हुए आतिशी बोलीं, ‘दिल्ली की जल मंत्री होने के नाते मैंने इस समस्या का समाधान करने के लिए हर सम्भव कोशिश की। मैंने हरियाणा सरकार से बात की, लेकिन उन्होंने पानी नहीं छोड़ा। मैंने हिमाचल सरकार से बात की, वो अतिरिक्त पानी देने को तैयार हुए, और वह पानी भी हरियाणा के रास्ते ही दिल्ली आना था, लेकिन हरियाणा सरकार ने इसके लिए भी मना कर दिया। हम केंद्र सरकार के पास गए, हमारे विधायक जल शक्ति मंत्री से मिलने गए, हमारे अफसर चंडीगढ़ जाकर हरियाणा सरकार के अफसरों से मिलकर आए, फिर भी दिल्ली को पानी नहीं मिला। मैंने कल प्रधानमंत्री को भी पत्र लिखा कि दिल्ली वालों को हरियाणा से पानी दिलवाएं, क्योंकि 28 लाख दिल्ली वाले परेशान हैं, लेकिन फिर भी दिल्ली में पानी नहीं पहुंचा।’
आतिशी ने कहा, ‘अब मेरे पास कोई और रास्ता नहीं बचा है। हर सम्भव कोशिश के बाद जब मैं दिल्लीवालों को पानी नहीं दिलवा पाई, तो अब मुझसे दिल्लीवालों का कष्ट देखा नहीं जा रहा है। कल 21 जून से मैं दिल्ली वालों को पानी दिलवाने के लिए, हरियाणा से जो हमारे हक का पानी है, जो 28 लाख लोगों की प्यास बुझाएगा, उस पानी को दिलवाने के लिए अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठूंगी। कल सुबह 11 बजे मैं राजघाट जाऊंगी और वहां पर गांधीजी को श्रद्धांजलि दूंगी, उसके बाद 12 बजे से जंगपुरा की भोगल कॉलोनी में मैं अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठूंगी।’
वीडियो के अंत में अपनी बात खत्म करते हुए आतिशी ने कहा, ‘कई बार ऐसा समय आता है, जहां पर किसी भी समस्या का समाधान नहीं निकल रहा होता है, ऐसे समय में गांधीजी ने हमें सिखाया है कि सत्याग्रह के अलावा कोई तरीका नहीं बचता है, सच्चाई की लड़ाई लड़ने का। कल से दिल्ली के 28 लाख लोगों के लिए इस लड़ाई को मैं जरूर लड़ूंगी।’