राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने यूपी में शराबंदी को लेकर उठाया मुद्दा

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सोमवार को यूपी में शराबबंदी का मुद्दा उठाया। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि गांव-गांव शराब बंद कराएं। राज्यपाल ने महिलाओं से यहां तक कहा कि अगर शराबी पति आपको पीटे तो डंडा उठाकर उसको पीटो।

राज्यपाल सोमवार को बस्ती पहुंची थीं। यहां आंगनबाड़ी केंद्र और अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। राज्यपाल ने कहा कि महिलाओं की जिम्मेदारी है कि शराब के लिए मुहिम शुरू करें। गांव-गांव शराब बंद कराएं। शराबी पति मारे तो आप भी लाठी उठा कर मारो। अपने घरों में आप भी लाठी रखिये। शराब के खिलाफ दारू बंद करो आंदोलन चलाइये।

सोनूपार चौराहे के पास शंकुस कैंसर हॉस्पिटल के उद्घाटन के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने नशीले पदार्थों से दूर रहने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि दो अक्टूबर को यूपी के राजभवन से पूरे प्रदेश में नशामुक्ति अभियान चलाया जाएगा। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने महिलाओं से कहा कि अगर पति घर में नशा करके मारपीट करे तो आप भी विरोध में लाठी उठाइए। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि आप लोग सभी गांवों में नशे के खिलाफ आंदोलन चलाइए। अगर पुलिस आपकी बात नहीं सुनती है तो आप थाने का घेराव कीजिए।

राज्यपाल ने कहा कि घर में धुंआ मुक्त किचन हो इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उज्ज्वला योजना के तहत हर घर में गैस सिलेंडर की व्यवस्था की। महिलाएं फेफड़े की बीमारी से मुक्त हों इसका ख्याल रखा। लेकिन पुरुष वर्ग अपने घरों में ही बैठकर बीड़ी पीते हैं और अपने बच्चों से ही मंगवाते हैं। इसका विरोध होना चाहिए, इस विरोध की आवाज आपके घर से ही उठनी चाहिए।

राज्यपाल ने सर्वाइकल, गर्भाशय और स्तन कैंसर के प्रति महिलाओं को जागरूक किया। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों और डॉक्टरों को भी आगे आने को कहा। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि आप सभी लोग अपने ग्रांट से नौ से 14 साल की बच्चियों के लिए एचपीवी वैक्सीन लगवाएं। अगर देश में 10 महिलाएं कैंसरग्रस्त होती हैं तो इसमें से चार यूपी की होती हैं। कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करके ही इससे बचा जा सकता है।

कहा कि हमनें अपने गृह जनपद मेहसाणा में पब्लिक मनी से 7000 बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगवाया है, यह अभियान आज भी जारी है। आज हम चंद्रयान-3 के जरिए चांद पर पहुंच चुके हैं। इससे आगे हम आदित्य एल-वन के सहारे सूर्य की गतिविधियों पर भी नजर रखेंगे। ये हमारे वैज्ञानिकों की क्षमता और भारत की ताकत है।

इससे पहले राज्यपाल हेलीकॉप्टर से 10:35 पर बस्ती पुलिस लाइन पहुंचीं। पुलिस लाइन में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। राज्यपाल की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किया था। इसके बाद कार के जरिए राज्यपाल सल्टौवां गोपालपुर ब्लाक के लेदवा गांव के लिए रवाना हुईं। लेदवां गांव में सांसद हरीश द्विवेदी, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, विधायक अजय सिंह, जिला अध्यक्ष महेश शुक्ला, पूर्व विधायक संजय जायसवाल आदि ने राज्यपाल का स्वागत किया।

इसके बाद राज्यपाल मॉडल ग्राम लेदवा का के पंचायत भवन और आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से बातचीत कीं। वहां से निकलने के बाद लेदवा गांव में बने अमृत सरोवर का निरीक्षण किया। राज्यपाल ने सरोवर में मौजूद बत्तकों को दाना खिलाया। इसके बाद तालाब में मछली के छोटे बच्चों को डाला गया। राज्यपाल ने अमृत सरोवर का फीता काटकर उद्घाटन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *