आगरा में पातालकोट एक्सप्रेस में लगी आग, कई झुलसे, दो डिब्बे खाक

गरा कैंट से ग्वालियर की ओर बढ़ रही पातालकोट एक्सप्रेस (14624) की जनरल बोगियों में बुधवार की दोपहर अचानक लाइटें फटने से आग लग गई। कैंट से करीब 8 किमी दूर भांडई स्टेशन से बढ़ते ही हुए हादसे के बाद अफरातफरी मच गई।

शोर मचने पर एक यात्री ने चेन पुलिंग कर दी। इसमें कुछ यात्री कूद गए, जबकि ट्रेन रुकते ही बाकी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। घटना में दो डिब्बे पूरी तरह, जबकि दो डिब्बे आंशिक रूप से जले हैं। सात यात्री झुलसे व घायल हुए हैं, जिनका एसएन मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। डीआरएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं वंदे भारत सहित कई ट्रेनें हादसे के चलते लेट हो गई हैं।

पंजाब के फिरोजपुर से चलकर मध्य प्रदेश के सिवनी तक जाने वाली पातालकोट एक्सप्रेस बुधवार को 3.13 बजे आगरा कैंट स्टेशन पहुंची। यहां से 3.24 बजे छूटने के करीब 11 मिनट बाद ट्रेन भांडई स्टेशन से बढ़ी ही थी कि घटना हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इंजन के बाद सात जनरल बोगियां थीं। ट्रेन रफ्तार पकड़ ही रही थी कि चौथी बोगी की लाइटें अचानक आवाज करते हुए फटने लगीं। इससे यात्रियों में भगदड़ मच गई।

शोर मचने पर झांसी के यात्री राहुल ने चेन पुलिंग कर दी। ट्रेन धीमी हुई तो लोग कूद-कूदकर भागने लगे। ट्रेन कुछ आगे रुकी तो बाकी के यात्रियों में उतरने की होड़ मच गई। इसमें आगे के यात्री तो सुरक्षित उतर गए, जबकि पीछे रह गए यात्रियों में सात लोग झुलसे और घायल हो गए। इन सबसे में यात्री शिवम को करीब 12 फीसदी झुलसा बताया गया है।

आनन-फानन में इसकी सूचना रेल अधिकारियों तक पहुंची तो दमकल भेजी गईं। राहत के लिए एंबुलेंस भेज दी गई। बड़ी मुश्किलों से आग पर काबू पाया जा सका। तब तक आग से दो कोच पूरी तरह जबकि दो अन्य कोच आंशिक जल गए थे।

यात्रियों को दूसरी ट्रेन से किया रवाना
सुरक्षित बचे यात्रियों को आगे के लिए दुर्ग हमसफर ट्रेन से रवाना किया गया। वहीं घायल हुए यात्रियों को एंबुलेंस के जरिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। आगरा रेल मंडल के डीआरएम तेज प्रकाश अग्रवाल के अनुसार पातालकोट एक्सप्रेस के जनरल कोच में भांडई स्टेशन के पास आग लगी थी। स्टाफ ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। ओएचई को शट डाउन करते हुए ट्रेन को रोका गया। आग पर काबू पा लिया गया है। घटना की जांच की जाएगी।

ये यात्री झुलसे या घायल हुए
1- राहुल (18) पुत्र मूलचंद निवासी झांसी
2- शिवम (18) पुत्र जयराम निवासी पलवल, फरीदाबाद
3- मोहित (21) पुत्र मनोज निवासी पलवल, फरीदाबाद
4- मनीराम पुत्र घासीराम निवासी विदिशा
5- रामेश्वर (24) पुत्र भगवान सिंह निवासी कलाल खेड़िया, आगरा
6- हरदयाल (59) सिंह पुत्र स्व. किशन चंद निवासी शाहगंज आगरा
7- मनोज कुमार (34) पुत्र निरंजन लाल निवासी नंदनगरी दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *