चीन की घुसपैठ पर सरकार की चुप्पी देश पर भारी पड़ेगी, अखिलेश का भाजपा पर निशाना

माजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारत की सीमा में चीन की घुसपैठ जारी है और केंद्र सरकार चुप्पी साधकर बैठी है। सरकार की ये चुप्पी देश के लिए बड़ी परेशानी खड़ी करेगी।सपा मुखिया सोमवार दोपहर एक शादी समारोह में शामिल होने नगला मरदान पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने 370 पर अपना निर्णय सुना दिया है, अब इसे सभी मानेंगे।उन्होंने कहा कि लोकसभा में 370 को लेकर समाजवादी पार्टी ही नहीं, अन्य दलों खासकर कश्मीर के नेताओं ने सवाल उठाए थे, जिनमें कई का जवाब सरकार नहीं दे पाई थी। उन्होंने कहा, आज जब सुप्रीम कोर्ट का फैसला आ गया अब इस पर कोई नई बात नहीं कही जा सकती है। सीमा की सुरक्षा को लेकर कहा कि सरकार क्या ठोस कदम उठा रही है देश की जनता को बताना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि लद्दाख को लेकर कई बार सवाल खड़े हुए हैं, चीन अंदर तक आ गया है और अभी वहीं बैठा है।

नहीं कर पा रहे मुख्यमंत्री का चयन

अखिलेश ने कहा, राजस्थान में अभी तक भाजपा मुख्यमंत्री तय नहीं कर पाई है। बहुमत के बाद इतना समय क्यों लगता है, साफ जाहिर है सब ठीक नहीं है। बसपा के उत्तराधिकारी पर कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बसपा बीजेपी से दूर रहेगी। उन्होंने कहा कि 2024 को लेकर सपा की बड़ी तैयारी है, भाजपा 2014 में उप्र से आई थी और 2024 में यहां से चली जाएगी।

सुतली बम भी नहीं बने

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पीएम के लेकर सीएम तक ने कहा था कि बुंदेलखंड में मिसाइल, टैंक और बम बनेंगे लेकिन अभी तक बुंदेलखंड में सुतली बम तक नहीं बना पाए। उन्होंने सवाल उठाया कि डिफेंस एक्सपो के नाम पर एमओयू के दावे किए थे उनका क्या हुआ। अखिलेश ने पूछा कि सीएम योगी ने 40 लाख करोड़ के एमओयू का ऐलान किया है, पर जमीन पर कितना पहुंचा। सवाल किया कि अगर कोई समझौता जमीन पर पहुंचा है तो कितने लोगों को रोजगार मिला।

सपा मुखिया ने इटावा लॉयन सफारी की दुर्दशा को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। कहा कि उनकी सरकार में सफारी में लगातार जानवर मर रहे हैं यह बड़ी चिंता की बात है। पीएम मोदी की विश्व स्तर पर लोकप्रियता पर अखिलेश यादव ने कहा कि एजेंसियों पर सरकार पैसा खर्च करती है। उन्होंने कहा, जमीन पर कुछ नहीं होता, स्टार बनाने का खेल चलता रहता है। बोले-जब विश्व का सबसे बड़ा देश बैलेट पेपर से वोट डलवाता है तो भारत क्यों नहीं डालवाता, उनसे हमें सीखना चाहिए। इंडिया गठबंधन पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह मजबूत है और रहेगा। इससे पहले रविवार शाम सैफई पहुंचे अखिलेश अपने आवास पर पार्टी के कार्यकर्ताओं से मिले और हालचाल लिया। उन्होंने पार्टीजनों से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने को कहा। सोमवाक दोपहर में वह नगला मरदान गांव पहुंचे, यहां उन्होंने सपा नेता मनीष यादव पतरे को शादी की बधाई दी। इसके पहले गांव में बने शिव मंदिर में अखिलेश यादव ने पूजा-अर्चना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *